
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
मेवाड़ की धरती पर शनिवार को स्वाद, परंपरा और आधुनिक पाक कला का अनूठा संगम देखने को मिला। बाजरे, मोटे अनाज, स्थानीय मसालों और देसी सामग्री की खुशबू के साथ आधुनिक प्रस्तुति और नई पाक तकनीकों ने ‘शेफ्स कनेक्ट एवं कहीं गुम न हो जाएं सीजन-9’ को खास बना दिया। आयोजन में राजस्थान की समृद्ध पाक विरासत को नए अंदाज में प्रस्तुत किया गया।
रॉयल राजस्थान शेफ्स सोसायटी के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता की व्यावसायिक शेफ श्रेणी में एचआरएच ग्रुप ऑफ होटल्स ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया। औरिका बाय लेमन ट्री प्रथम उपविजेता और द ललित लक्ष्मी विलास पैलेस द्वितीय उपविजेता रहा। प्रतियोगिता में उदयपुर के 11 प्रमुख होटलों के पेशेवर शेफ ने भाग लेकर अपनी पाक कला, रचनात्मकता और प्रस्तुति कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतिभागी शेफ ने राजस्थान में प्रचलित बाजरा, मोटे अनाज, स्थानीय सब्जियों, देशी मसालों और पारंपरिक सामग्री को आधार बनाकर ऐसे व्यंजन तैयार किए, जिनमें पारंपरिक स्वाद और आधुनिक पाक शैली का सुंदर मेल देखने को मिला। व्यंजनों की प्रस्तुति में रंग, बनावट, स्वाद और पौष्टिकता पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
आयोजन की अगुवाई रॉयल राजस्थान शेफ्स सोसायटी के अध्यक्ष शेफ विमल धर ने की। सचिव शेफ सौरभ, राज्य समन्वयक डॉ. शेफ संगीता धर और शेफ देवेंद्र ने आयोजन के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में कश्मीर के शेफ परबिंदर एस. बाली, दिल्ली के शेफ राजीव गोयल, हैदराबाद के शेफ रिजवान और महाराष्ट्र के शेफ अल्तमेश पटेल सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए अनुभवी पाक विशेषज्ञों ने सहभागिता की। उदयपुर की होटल इंडस्ट्री से जुड़े वरिष्ठ शेफ ने भी निर्णायक मंडल में योगदान दिया।
आयोजन का विशेष आकर्षण ‘कहीं गुम न हो जाएं’ पहल रही। इसके माध्यम से ऐसी पारंपरिक रेसिपी और पाक विधियों को मंच दिया गया, जो बदलती जीवनशैली और खान-पान की आदतों के कारण धीरे-धीरे घरों और रसोई से दूर होती जा रही हैं। गृहिणियों और घरेलू रसोइयों ने विभिन्न क्षेत्रों की पारंपरिक थालियां सजाकर भारतीय खान-पान की विविधता को जीवंत किया।
विद्यालय और महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी नई सोच और पाक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस तरह आयोजन में पेशेवर शेफ, घरेलू रसोइयों और युवा प्रतिभाओं की तीन पीढ़ियां एक ही मंच पर नजर आईं।
केंद्रीय पब्लिक स्कूल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ताज एक्सोटिका आतिथ्य सहयोगी तथा फर्न रेजिडेंसी खाद्य सहयोगी के रूप में जुड़े। आयोजन ने यह संदेश दिया कि पारंपरिक व्यंजनों को केवल स्मृतियों तक सीमित रखने के बजाय आधुनिक स्वरूप, आकर्षक प्रस्तुति और युवा पीढ़ी की भागीदारी के माध्यम से उन्हें देश-दुनिया तक पहुंचाया जा सकता है।
रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’


