
चौमूं | शाबाश इंडिया।
लाडले खाटू वाले मित्र मंडल के तत्वावधान में आयोजित होने वाले पांचवें श्री श्याम वार्षिक महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। मंडल अध्यक्ष साहिल जोशी ने बताया कि 26 सितंबर 2026 को रुक्मणि गार्डन, रेनवाल रोड, चौमूं में महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 7 बजे से शुरू होकर देर रात तक चलेगा।
महोत्सव को लेकर चौमूं शहरवासियों में उत्साह का माहौल है। नगरवासी बाबा श्याम के दर्शन और भजनों का आनंद लेने के लिए उत्साहित हैं। आयोजन में चौमूं के जनप्रतिनिधि, पार्षद, शिक्षाविद् एवं बड़ी संख्या में आमजन के शामिल होने की संभावना है।
चौमूं नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति आशीष दुसाद ने लाडले खाटू वाले मित्र मंडल के सदस्यों की उपस्थिति में पांचवें श्री श्याम वार्षिक महोत्सव के पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में पहुंचने और भजनों व बाबा के गीतों का लाभ लेने का आह्वान किया।
मंडल के सदस्य जयेश रावत ने बताया कि महोत्सव में कानपुर से भजन गायक अभिषेक शुक्ला, सवाई माधोपुर से रितिका कनिका अग्रवाल तथा जयपुर से सुनील शर्मा एवं गोपाल सेन पार्टी भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। भजन संध्या में बाबा श्याम के भावपूर्ण भजनों के साथ श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर होंगे।
पोस्टर विमोचन के दौरान मंडल के सदस्य राजकुमार अग्रवाल, कमलेश सेन, विशाल अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, जयेश रावत एवं सोहन सैनी मौजूद रहे। अशोक विहार निवासी एवं सिक्किम प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, गैंगटोक में कुलसचिव के पद पर कार्यरत प्रोफेसर रमेश कुमार रावत ने भी श्री श्याम वार्षिक महोत्सव के लिए शुभकामनाएं दीं।
जयेश रावत ने बताया कि वार्षिकोत्सव में बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार श्री श्याम दरबार सेवा, बांदीकुई द्वारा किया जाएगा। उत्सव के दौरान इत्र वर्षा एवं पुष्प वर्षा होगी। साथ ही श्री सालासर बालाजी के पुजारी विष्णु दत्तजी का पावन सान्निध्य रहेगा।
महोत्सव की शुरुआत बाबा श्याम की आरती से होगी। इसके बाद गणेशजी महाराज, माता रानी, भगवान शंकर एवं बालाजी महाराज के भजनों की प्रस्तुति होगी। इसके पश्चात आमंत्रित भजन गायकों द्वारा बाबा श्याम के मधुर एवं भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। आयोजन में बाबा की अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। अंत में बाबा श्याम की आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।


