
जयपुर | शाबाश इंडिया।
दशलक्षण महापर्व के अवसर पर नेमिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, नेमीसागर कॉलोनी में उत्तम त्याग धर्म की पूजा-अर्चना श्रद्धा-भक्ति के साथ की गई। इस अवसर पर श्रमण संस्कृति संस्थान के विधानाचार्य एवं प्राचार्य पंडित श्री सतीश जैन ने उत्तम त्याग धर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को इसके आध्यात्मिक भाव से परिचित कराया।
श्री नेमिनाथ दिगम्बर जैन समाज समिति के अध्यक्ष जे.के. जैन कालाडेरा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल नित्याभिषेक एवं शांतिधारा से हुई। इस दौरान विश्व शांति एवं सभी के मंगल की कामना की गई।
सायंकाल श्वेता जैन के संयोजन में ‘जिनेन्द्र भक्त, ज्ञान में शक्त’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। आज की पूजन स्थापना का पुण्यार्जन विजय कुमार बड़जात्या परिवार ने किया। सायंकालीन आरती के पुण्यार्जक पूनमचंद ठोलिया परिवार रहे, जबकि कार्यक्रम के पुण्यार्जक अनिल जैन ‘दूधवा वाले’ परिवार रहे।
इस अवसर पर चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलन विशाल जैन परिवार द्वारा किया गया। धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं ने उत्तम त्याग धर्म के आध्यात्मिक संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।


