
लाडनूं | शाबाश इंडिया।
स्थानीय दिगंबर जैन बड़ा मंदिर, लाडनूं में चल रहे दसलक्षण महापर्व के छठे दिन सांस्कृतिक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों की श्रृंखला में ‘कौन बनेगा धर्मशिरोमणि’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को युवा जैन दर्शन विदुषी डॉ. मनीषा जैन ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया।
डॉ. मनीषा जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तरह ऑडियंस पोल, 50-50 और कॉल-ए-फ्रेंड जैसे पड़ाव रखे गए। जैन धर्म एवं दर्शन से जुड़े प्रश्नों के माध्यम से प्रतिभागियों के ज्ञान की परख की गई। कार्यक्रम में उपस्थित जैन समाज के लोगों ने प्रश्नोत्तर आधारित इस आयोजन की सराहना की।
डॉ. सुरेंद्र जैन ने कहा कि यह प्रतियोगिता रोचक होने के साथ ज्ञानवर्धक भी है, जिसके चलते यह लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रतियोगिता में जैन समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसमें 14 प्रतिभागियों के साथ पत्रकार संतोष गंगवार, दीपा गोधा, वीणा गंगवाल, सुरक्षा जैन, मेरी बड़जात्या, मोहित जैन और मनफूल देवी मच्छी सहित अन्य लोगों ने सहभागिता की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति की संयोजक निर्मला पाटनी ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी पुरस्कार सुरेश कुमार एवं शांतनु कासलीवाल की ओर से प्रदान किए गए। प्रतियोगिता का शुभारंभ मेघा मच्छी एवं वैभव जैन के मधुर संगीत संगम से हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर संयोजिका डॉ. मनीषा जैन ने जैन समाज प्रबंध कमेटी, आयोजन की व्यवस्थाओं से जुड़े सभी सदस्यों तथा उपस्थित समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट: शरद जैन सुधांशु


