
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
स्पाइन से जुड़ी पुरानी और जटिल दर्द संबंधी समस्याओं के उपचार में गैर-सर्जिकल पद्धतियों को बढ़ावा देने वाले डॉ. गौरव पईवाल को चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘बिग इम्पैक्ट अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। जयपुर के क्लार्क्स आमेर होटल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री और ‘दृश्यम’ फेम इशिता दत्ता ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
डॉ. पईवाल लंबे समय से क्रॉनिक स्पाइन पेन, स्लिप डिस्क, साइटिका, कमर दर्द और रीढ़ से जुड़ी अन्य समस्याओं के उपचार के क्षेत्र में सक्रिय हैं। विशेष रूप से बिना सर्जरी के उपचार विकल्पों के माध्यम से मरीजों को राहत देने की दिशा में उनके प्रयासों को समारोह में सराहा गया।
वर्ष 2007 से चिकित्सा सेवा से जुड़े डॉ. पईवाल ने सम्मान मिलने पर इसे मरीजों के भरोसे और वर्षों की निरंतर चिकित्सा साधना का परिणाम बताया। उनका कहना है कि स्पाइन पेन से जूझ रहे मरीजों को ऐसे उपचार विकल्प उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रही है, जिससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी सहज हो सके और अनावश्यक सर्जरी से बचने के विकल्प भी सामने आएं।
राज्य स्तरीय मंच पर मिला यह सम्मान उनके करीब दो दशक लंबे पेशेवर सफर में एक अहम पड़ाव माना जा रहा है। चिकित्सा क्षेत्र में तकनीक, अनुभव और मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ काम कर रहे डॉ. पईवाल के लिए यह उपलब्धि व्यक्तिगत सम्मान के साथ स्पाइन केयर में गैर-सर्जिकल उपचार विकल्पों की बढ़ती स्वीकार्यता को भी रेखांकित करती है।
रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’


