Tuesday, September 22, 2026

क्लाइमेट के ‘चक्रव्यूह’ से निकलने की राह दिखाएगा दो दिवसीय फेस्टिवल

उदयपुर | शाबाश इंडिया।

जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को केवल चर्चा तक सीमित रखने के बजाय उनके व्यावहारिक समाधान तलाशने के उद्देश्य से शहर में 26 और 27 सितंबर को दो दिवसीय ‘क्लाइमेट चक्रव्यूह फेस्टिवल-2026’ आयोजित होगा। कम्यूनिटी द यूथ कलेक्टिव एवं वार्तालीप संस्था की ओर से रेनमैटर फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित होने वाले इस फेस्टिवल का मुख्य केंद्र विद्या भवन रहेगा, जबकि शहर के 13 अन्य स्थलों पर भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। फेस्टिवल के लिए अब तक एक हजार से अधिक निःशुल्क पंजीकरण हो चुके हैं।

संस्था की प्रतिभा पाठक ने बताया कि फेस्टिवल को इस तरह तैयार किया गया है कि प्रतिभागी पर्यावरण संरक्षण के तरीकों को केवल सुनें नहीं, बल्कि उन्हें स्वयं करके भी समझें। दो दिनों में 60 से अधिक गतिविधियां होंगी, जिनमें देशभर से आए विशेषज्ञ, युवा सामाजिक उद्यमी, कलाकार और क्लाइमेट कार्यकर्ता संवाद करेंगे। आयोजन की रूपरेखा तैयार करने में 150 से अधिक युवाओं और विषय विशेषज्ञों ने योगदान दिया है।

महाभारत के ‘चक्रव्यूह’ की अवधारणा से प्रेरित यह फेस्टिवल जलवायु, सामाजिक और आर्थिक संकटों के बीच सामूहिक समाधान की राह तलाशने का प्रयास है। बर्ड वॉक, नाइट नेचर एक्सप्लोरेशन, बेयरफुट ट्रेल, साउंड्स ऑफ नेचर और अरावली हाट जैसी गतिविधियां प्रतिभागियों को प्रकृति से सीधे जोड़ेंगी।

स्थानीय कारीगर पत्तल-दोना और सीड ज्वेलरी बनाना सिखाएंगे। ‘जुगाड़ गैराज’ में पुरानी बोतलों को उपयोगी वस्तुओं में बदलने की प्रक्रिया बताई जाएगी, वहीं ‘रिपेयर कैफे’ में इलेक्ट्रॉनिक्स, साइकिल और कपड़ों की मरम्मत के तरीके सिखाए जाएंगे। प्रतिभागियों को शहर की कचरा प्रबंधन एवं जल-संचयन प्रणालियों से भी परिचित कराया जाएगा।

फेस्टिवल क्यूरेटर राजेश एन. सिंह मेहर के अनुसार, शाम को आयोजित होने वाले ‘म्यूजिक, इकोलॉजी एंड हारमनी’ कार्यक्रम में शास्त्रीय गिटार वादक राघवेंद्र कुमार, लोक कलाकार रितेश गोहिया, कवि-गीतकार कविश सेठ और गायक सलमान इलाही प्रस्तुतियां देंगे।

फेस्टिवल में ‘क्लाइमेट पासपोर्ट’ आधारित गेमिफाइड क्वेस्ट भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। गतिविधियां पूरी करने पर प्रतिभागियों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज स्टैम्प दिए जाएंगे तथा उनका स्कोर लाइव लीडरबोर्ड पर प्रदर्शित होगा। शीर्ष 30 प्रतिभागियों को 27 सितंबर को विद्या भवन में आयोजित होने वाले ग्रैंड क्लोजर समारोह में सम्मानित किया जाएगा। राहुल, पारूल और सोहेल ने भी आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की।

रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar