
जयपुर | शाबाश इंडिया।
महावीर पब्लिक स्कूल में श्रीमती भंवर देवी बज मेमोरियल एजुकेशनल एंडॉवमेंट के सौजन्य से ‘जैन आहार एवं स्वास्थ्य विज्ञान’ विषय पर 9वीं अंतर्विद्यालयी संभाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महावीर स्वामी एवं मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

इस अवसर पर संस्था के मानद मंत्री सुनील बख्शी, कोषाध्यक्ष महेश काला, उपाध्यक्ष कमल बाबू जैन, कार्यकारिणी सदस्य विनोद कोटखावदा एवं महावीर पब्लिक स्कूल की प्राचार्या श्रीमती सीमा जैन ने मुख्य अतिथि डॉ. निमाली सिंह परमार, प्राचार्य, महारानी कॉलेज एवं प्रोफेसर, होम साइंस विभाग, राजस्थान विश्वविद्यालय तथा निदेशक, सेंटर फॉर न्यूट्रिशन साइंस, जयपुर का माला, शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। परिषद की ओर से राजेंद्र बज एवं बज परिवार का भी स्वागत किया गया।

प्राचार्या श्रीमती सीमा जैन ने निर्णायक मंडल के सदस्यों डॉ. श्रीयांश कुमार सिंघई, पीठाध्यक्ष, आचार्य ज्ञान सागर जैन दर्शन पीठ, जगद्गुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय, जयपुर तथा डॉ. बीना अग्रवाल, पीठाध्यक्ष, पंडित नित्यानंद शास्त्री आधुनिक संस्कृत पीठ, जगद्गुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय, जयपुर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम में मानद मंत्री सुनील बख्शी एवं कोषाध्यक्ष महेश काला ने मुख्य अतिथि तथा उपस्थित गणमान्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संभाषण प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैचारिक क्षमता, तर्कशक्ति, अभिव्यक्ति-कौशल एवं विषय की गहन समझ विकसित करना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में जयपुर के 11 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने ‘जैन आहार एवं स्वास्थ्य विज्ञान’ विषय पर अपने विचारों को आत्मविश्वास, प्रभावी भावाभिव्यक्ति एवं तार्किक प्रस्तुति के साथ रखा। उन्होंने जैन धर्म की आहार-पद्धति के विभिन्न पक्षों को उदाहरणों एवं प्रमाणों के माध्यम से रेखांकित करते हुए इसे स्वास्थ्य की दृष्टि से उपयोगी एवं प्रासंगिक बताया। विद्यार्थियों की प्रभावी वक्तव्य शैली और विषय पर उनकी सशक्त पकड़ ने सभी को प्रभावित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. निमाली सिंह परमार ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभागियों ने जैन धर्म की आहार व्यवस्था को आधुनिक स्वास्थ्य विज्ञान के संदर्भ में समझने और प्रस्तुत करने का सराहनीय प्रयास किया है। उन्होंने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास एवं विषय के प्रति उनके दृष्टिकोण की प्रशंसा की।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अंकिता मंडल, कपिल ज्ञानपीठ स्कूल, द्वितीय स्थान देवांश गोधा, महावीर पब्लिक स्कूल तथा तृतीय स्थान नमन जैन, एस.एम.डी.जी. स्कूल एवं प्रशम जैन, माहेश्वरी पब्लिक स्कूल ने प्राप्त किया। विजेताओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
संस्था की ओर से मुख्य अतिथि डॉ. निमाली सिंह परमार को स्मृति-चिह्न भेंट किया गया। अंत में प्राचार्या श्रीमती सीमा जैन ने अतिथियों, निर्णायक मंडल, प्रतिभागियों एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


