
जयपुर | शाबाश इंडिया।
जयपुर नगर निगम के 11 सितंबर को होने वाले चुनावों को लेकर वार्ड संख्या 76 से कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी प्रदीप जैन ने बुधवार को भव्य रोड शो एवं वाहन रैली के माध्यम से अपना शक्ति प्रदर्शन किया। रोड शो में वार्डवासियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने प्रदीप जैन को जीत का आशीर्वाद देते हुए अपना समर्थन व्यक्त किया।
महावीर नगर स्थित जैन मंदिर एवं शिव मंदिर से दोपहर 12:15 बजे शुरू हुआ रोड शो एवं वाहन रैली चार घंटे से अधिक समय तक चली। रैली में बड़ी संख्या में दुपहिया एवं चौपहिया वाहन शामिल हुए। वाहनों पर लहराते कांग्रेस के झंडों और कार्यकर्ताओं के जोश से पूरे क्षेत्र का माहौल उत्साहपूर्ण नजर आया।
महावीर नगर, टोंक रोड, जय जवान कॉलोनी सहित वार्ड 76 के विभिन्न क्षेत्रों से होकर निकली रैली में आमजन, वार्डवासियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना। समर्थकों ने जगह-जगह प्रदीप जैन का स्वागत किया और उनके समर्थन में नारे लगाए। आयोजकों के अनुसार वार्ड क्षेत्र में यह पहली बार इतने बड़े स्तर पर रोड शो एवं वाहन रैली देखने को मिली।
रोड शो एवं वाहन रैली का समापन जय जवान कॉलोनी स्थित प्रधान चुनाव कार्यालय पर हुआ। इस दौरान प्रदीप जैन ने क्षेत्रवासियों एवं समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए वार्ड के विकास और जनसेवा को अपनी प्राथमिकता बताया।
उल्लेखनीय है कि प्रदीप जैन को मानव कल्याण एवं समाजसेवा के क्षेत्र में करीब 40 वर्षों का अनुभव है। लंबे समय से आमजन से जुड़े रहने और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का लाभ भी उन्हें चुनाव प्रचार के दौरान मिलता दिखाई दे रहा है। रोड शो में उमड़ी भीड़ को उनके समर्थकों ने जनता के मजबूत समर्थन और चुनाव में सकारात्मक माहौल का संकेत बताया।


