
जयपुर | शाबाश इंडिया।
जयपुर में द्वितीय पार्वती गोस्वामी मेमोरियल रैपिड ओपन एवं अंडर-11 शतरंज प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन जयपुर चेस एकेडमी द्वारा किया जा रहा है तथा इसे जयपुर जिला शतरंज संघ (JDCA) से मान्यता प्राप्त है। आयोजन को जयपुर चेस क्लब एवं वाणी चेस क्लब का सहयोग प्राप्त है।
जयपुर जिला शतरंज संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रथम राउंड का शुभारंभ First India के पॉलीटिकल एडिटर योगेश शर्मा एवं वाणी चेस क्लब के डायरेक्टर तथा टूर्नामेंट कोऑर्डिनेटर जिनेश कुमार जैन ने खिलाड़ियों के बीच प्रथम चाल चलकर किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि शतरंज बच्चों एवं युवाओं में एकाग्रता, निर्णय लेने की क्षमता, धैर्य और रणनीतिक सोच विकसित करने वाला महत्वपूर्ण खेल है।
टूर्नामेंट कोऑर्डिनेटर जिनेश कुमार जैन ने बताया कि रैपिड ओपन एवं अंडर-11 वर्ग में पूरे राजस्थान से कुल 146 खिलाड़ियों ने भाग लिया। ओपन वर्ग में कुल 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि के साथ ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न आयु वर्गों में भी आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं।
प्रतियोगिता में प्रत्येक खिलाड़ी को 15 मिनट का समय तथा प्रत्येक चाल पर 5 सेकंड का अतिरिक्त समय दिया जा रहा है। प्रतियोगिता में कुल 6 राउंड खेले जा रहे हैं, जबकि पुरस्कार वितरण समारोह शाम 5:30 बजे आयोजित किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य जयपुर में शतरंज के खेल को बढ़ावा देना तथा बच्चों एवं युवाओं को बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना है। जयपुर जिला शतरंज संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विक्रम सिंह ने सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
जिनेश कुमार जैन
डायरेक्टर, वाणी चेस क्लब
टूर्नामेंट कोऑर्डिनेटर


