
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
अच्छे आइडिया को कारोबार में बदलने की राह में पूंजी और सही मार्गदर्शन की कमी से जूझ रहे स्टार्टअप के लिए उदयपुर में निवेश के नए अवसर खुलने जा रहे हैं। बीसीआई युवा की ओर से ‘आरंभ निवेशक संपर्क 2026’ के माध्यम से देशभर के नवोदित उद्यमियों को एंजेल निवेशकों, वेंचर कैपिटल फर्मों और फंड मैनेजर्स से सीधे जोड़ने की पहल की गई है। कार्यक्रम के लिए करीब 200 स्टार्टअप आवेदन कर चुके हैं, जिनमें से 25 स्टार्टअप को अंतिम प्रस्तुति के लिए चुना जाएगा।
बीसीआई के संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया कि नवाचार और प्रतिभा होने के बावजूद कई स्टार्टअप सही निवेश एवं रणनीतिक मार्गदर्शन के अभाव में अपेक्षित विस्तार नहीं कर पाते। ‘आरंभ’ का उद्देश्य इसी अंतर को दूर करते हुए योग्य स्टार्टअप को उपयुक्त निवेशकों और बाजार के अवसरों से जोड़ना है। मंच पर फंडिंग के साथ नेटवर्किंग, मेंटरशिप और बिजनेस ग्रोथ से जुड़े मार्गदर्शन पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
बीसीआई युवा की अध्यक्ष मीनाक्षी पालीवाल ने बताया कि 15 सितंबर को आयोजित होने वाले निवेशक संपर्क कार्यक्रम में चयनित स्टार्टअप अपने बिजनेस मॉडल को मुंबई, गुजरात, दिल्ली, उदयपुर सहित विभिन्न शहरों से जुड़े निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत करेंगे।
उपाध्यक्ष रोहित पालीवाल के अनुसार चयनित स्टार्टअप के लिए करीब 10 करोड़ रुपए तक के संभावित निवेश अवसर तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद 25 सितंबर को उदयपुर के द थर्ड स्पेस में अंतिम प्रस्तुति सत्र आयोजित होगा। इसमें स्टार्टअप की बाजार क्षमता, आय एवं विकास दर, वित्तीय स्थिति, निवेश आवश्यकता, वैल्यूएशन और भविष्य की योजनाओं का परीक्षण किया जाएगा।
सचिव अंकुश रांका ने बताया कि 26 सितंबर को चयनित स्टार्टअप और निवेशकों के बीच विस्तृत संवाद तथा निवेश प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए अंतिम सुविधा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
महासचिव हिम्मत प्रजापत ने कहा कि इस पहल में ऐसे स्टार्टअप को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनका बिजनेस मॉडल मजबूत होने के साथ बड़े स्तर पर रोजगार और आर्थिक अवसर पैदा करने की क्षमता रखता हो।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में रोचक भावसार, संतोष मेघवाल, तिजेन्द्र साहू, राहुल कुमावत, नसन जैन, बीसीआई पिनाकल अध्यक्ष अंशुल मोगरा, बीसीआई अल्फा के संजीव पटवा और लोकेश जोशी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’


