Thursday, September 3, 2026

पहली बार 2450 मंत्रित लौंग से हुआ भक्तामर स्तोत्र अनुष्ठान, 48 मंडलीय दीप महाअर्चना में गूंजे जयकारे

जयपुर | शाबाश इंडिया।

मानव एवं समाज सेवा के उद्देश्य से कार्यरत जैन सोशल ग्रुप्स इंटरनेशनल फेडरेशन मुंबई के नॉर्दर्न रीजन के तत्वावधान में जैन सोशल ग्रुप हैरिटेज सिटी जयपुर की ओर से भट्टारक जी की नसिया के छतरी वाला सभागार में पहली बार 2450 मंत्रित लौंग से भक्तामर स्तोत्र अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरा परिसर भगवान आदिनाथ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

306वें भक्तामर स्तोत्र पाठ एवं 48 मंडलीय भक्तामर स्तोत्र आराधना और दीप महाअर्चना अनुष्ठान में विभिन्न जैन सोशल ग्रुप्स के दंपती सदस्य एवं संगिनी फोरम की सदस्याएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं। आयोजन उपाध्याय उर्जयन्त सागर मुनिराज के मंगल आशीर्वाद से विश्व में सुख, शांति, समृद्धि एवं आरोग्यता की कामना के साथ किया गया।

जैन सोशल ग्रुप हैरिटेज सिटी के संस्थापक अध्यक्ष सुभाष बज एवं अध्यक्ष नितिन पाटनी ने बताया कि शाम 7.15 बजे से आयोजित इस विशाल धार्मिक अनुष्ठान में समाजसेवी अतुल-शशी सोगाणी आगरा वालों ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। समाजश्रेष्ठी अशोक-शकुंतला चांदवाड़ ने भगवान आदिनाथ के समक्ष मुख्य दीप प्रज्ज्वलित किया, जबकि रेणू एवं मोहित-नम्रता राणा ने मुख्य मंडल पर शास्त्र विराजमान किया।

समाजश्रेष्ठी महावीर-सुनीता कसेरा, सुभाष-किरण बड़जात्या मारोठ वाले तथा अनिल-उमा दीवान गौरवमयी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

जेएसजीआईएफ नॉर्दर्न रीजन के चेयरमैन राजीव पाटनी एवं सचिव रविन्द्र बिलाला ने बताया कि संगीतकार गौरव जैन एवं खुशबू जैन कुचामन सिटी ने भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं। सुभाष बज एवं नितिन पाटनी द्वारा ऋद्धि मंत्रों के साथ भक्तामर स्तोत्र का पाठ कराया गया।

सुभाष-शशि बज एवं महावीर-सुरीला सेठी के संयोजन में आयोजित इस अनूठे आयोजन में श्रद्धालुओं ने 48 मंडलों पर उपाध्याय उर्जयन्त सागर मुनिराज से मंत्रित 2450 लौंग अर्पित कीं। श्रद्धालुओं ने हाथों में दीपक लेकर भक्ति नृत्य करते हुए मुख्य मंडल पर दीपक अर्पित किए। जैन भजनों पर श्रद्धालुओं ने भक्ति नृत्य कर भगवान की आराधना की।

आयोजन के अंत में भक्तामर स्तोत्र की महिमा का वर्णन किया गया, जिसके बाद सभी श्रद्धालुओं ने आशीष प्राप्त किया।

इस अवसर पर जेएसजीआईएफ फेडरेशन के उपाध्यक्ष महेन्द्र गिरधरवाल, नॉर्दर्न रीजन के पूर्व चेयरमैन राकेश जैन, सुभाष चंद जैन, प्रदीप जैन, जी.पी. टोंग्या, वाइस चेयरमैन डॉ. राजीव जैन, कोषाध्यक्ष तरुण जैन, वीरेन्द्र गदिया सहित जेएसजी हैरिटेज सिटी के सचिव अरुण-सुनीता पाटनी, डॉ. सुदीप-शालिनी जैन, राजीव-रेणू बज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar