
मुरैना/अम्बाह | शाबाश इंडिया।
नगर की जैन बगीची में रविवार शाम भक्ति, आराधना और आध्यात्मिक साधना का अनुपम वातावरण देखने को मिला। परम पूज्य गुरु मां गणिनी आर्यिका रत्न 105 श्री संगममति माताजी ससंघ के मंगल सान्निध्य में चल रही 35 दिवसीय णमोकार महामंत्र अर्चना के अंतर्गत नायक परिवार कमतरी वालों द्वारा संगीतमय महाआरती का आयोजन किया गया।
धार्मिक आयोजन का शुभारंभ तहसील के समीप स्थित निज निवास से हुआ। शाम करीब 6 बजे श्रद्धालु भक्ति गीतों और णमोकार महामंत्र के जयघोष के साथ जैन बगीची के लिए रवाना हुए। भक्ति भाव से ओतप्रोत श्रद्धालुओं के पहुंचने से जैन बगीची परिसर का वातावरण भक्तिमय हो गया। विधि-विधान एवं भक्तिभाव के साथ श्रीजी की महाआरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने सहभागिता की।
महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं ने एक घंटे तक सामूहिक रूप से णमोकार महामंत्र का जाप किया। एक साथ गूंजते मंत्रोच्चार से पूरा जैन बगीची परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। श्रद्धालुओं ने महामंत्र की आराधना करते हुए परिवार एवं समाज में सुख, शांति और मंगल की कामना की।
महाआरती का पुण्यार्जन स्वर्गीय राधाचरण जैन कमतरी वालों के परिजनों ने प्राप्त किया। पुण्यार्जक परिवार में कपूर चंद जैन, हेमलता जैन, हजारी लाल जैन, इंजीनियर अंकित जैन, वर्षा जैन, राहुल जैन, सौरभ जैन, सोनम जैन, मनीष जैन, कल्पना जैन सहित समस्त नायक परिवार कमतरी वाले, डॉक्टर कॉलोनी अम्बाह (अहिंसा परिवार दिल्ली) शामिल रहे।
इस अवसर पर इंजीनियर अंकित जैन ने कहा कि णमोकार महामंत्र आत्मिक शांति एवं आध्यात्मिक साधना का महत्वपूर्ण माध्यम है। गुरु मां संगममति माताजी ससंघ के सान्निध्य में चल रही 35 दिवसीय आराधना के दौरान महाआरती का पुण्यार्जन प्राप्त करना परिवार के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में संस्कार, सद्भाव और धर्म के प्रति जागरूकता को बल मिलता है।
चातुर्मास समिति अम्बाह एवं सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए णमोकार महामंत्र की आराधना का लाभ लिया।
रिपोर्ट: मनोज जैन नायक


