Saturday, August 22, 2026

हरियाली तीज पर सजा काशी का मंच, सर्व कल्याण ब्राह्मण महिला संगठन ने मनाया स्थापना दिवस

वाराणसी | शाबाश इंडिया।

सर्व कल्याण ब्राह्मण महिला संगठन, काशी द्वारा संगठन के स्थापना दिवस एवं हरियाली तीज के पावन अवसर पर महमूरगंज स्थित एक होटल में भव्य एवं रंगारंग समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगठन की महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। गीत, कजरी, नृत्य, मनोरंजक खेल एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण उल्लास और उमंग से भर गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. रुचि मिश्रा, सहायक आचार्य, धीरेंद्र महिला महाविद्यालय, वाराणसी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने सभी को हरियाली तीज एवं संगठन के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी प्रेम, सौहार्द एवं सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं।

समारोह की अध्यक्षता संगठन की संस्थापिका एवं अध्यक्ष डॉ. सरिता त्रिपाठी ने की। उन्होंने संगठन की स्थापना के उद्देश्यों एवं अब तक की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन निरंतर महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सेवा, सांस्कृतिक संरक्षण तथा समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय नारी की आस्था, प्रेम, सौंदर्य, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों से जुड़ी समृद्ध परंपरा है।

कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर नम्रता मिश्रा ने किया, जबकि रजनी शर्मा ने उपस्थित अतिथियों एवं सभी सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत मांडवी एवं शांभवी द्वारा मनमोहक गणेश वंदना की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद महिलाओं ने कजरी, गीत एवं नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विभिन्न मनोरंजक खेलों एवं अन्य गतिविधियों में महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

तीज के पारंपरिक रंग में सजे आयोजन में महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम के दौरान हंसी-खुशी और उल्लास का माहौल बना रहा तथा सभी ने एक-दूसरे को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं।

आयोजन में डॉ. ममता टंडन, अंजली मिश्रा, मधु तिवारी, रचना वाजपेयी, अर्चना त्रिपाठी, मंजू पांडे, शशि मिश्रा, रेखा मिश्रा, ज्योत्सना मिश्रा, नम्रता मिश्रा, चिंता ओझा, शशि तिवारी, सोनम, पिंकी, संध्या, शशिकला, गोदावरी, रितु, ममता पाठक, प्रीति, सुषमा, करुणा, सविता, सुमन, गुड़िया, डॉ. मालविका, जमुना शुक्ला, मंजू तिवारी, वंदना, उमा दीक्षित, डॉ. माधवी पांडे, वीणा अग्निहोत्री, राम तिवारी, रागिनी सहित बड़ी संख्या में संगठन की सदस्य एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

समारोह के अंत में संगठन की पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों एवं महिला सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संगठन द्वारा भारतीय संस्कृति, महिला सम्मान, सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन किया जाएगा।

स्थापना दिवस एवं हरियाली तीज का यह समारोह आपसी प्रेम, सौहार्द और सांस्कृतिक परंपराओं को समर्पित यादगार आयोजन बन गया।

रिपोर्ट : संतोष कुमार सिंह

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar