
जयपुर | शाबाश इंडिया।
जयपुर के सी-स्कीम स्थित महावीर स्कूल में सद्भावना के सिपाही के रजत महोत्सव के अवसर पर ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रसिद्ध समाजसेवी एवं सद्भावना के सिपाही के अध्यक्ष राजीव अरोड़ा ने किया। इस अवसर पर प्रसिद्ध गायक कलाकार गौरव जैन ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न गीतों एवं भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजीव अरोड़ा ने कहा कि 20 अगस्त को भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्मदिन के अवसर पर सद्भावना दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि सद्भावना दिवस पर हमारा कर्तव्य है कि देश में राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारा और सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा दें। देश के प्रति ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ भ्रष्टाचार, गंदगी एवं सामाजिक बुराइयों से देश को बचाकर एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विभिन्न जातियों, धर्मों और भाषाओं के लोगों के बीच एकता एवं शांति कायम रहना देश की प्रगति के लिए आवश्यक है। आपसी सद्भाव और भाईचारे से ही देश में शांति एवं विकास का वातावरण मजबूत होगा।
कार्यक्रम में जैन महासभा के प्रतिनिधि राजाबाबू गोधा ने भी शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि एवं स्मरण करने के साथ हुई।
इस अवसर पर राजस्थान सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की धर्मपत्नी सुनीता गहलोत, पुत्र वैभव गहलोत, जयपुर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि अक्षय जैन मोदी, बलराम भारद्वाज तथा सद्भावना के सिपाही के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान राजीव अरोड़ा एवं वैभव गहलोत का कार्यकर्ताओं की ओर से 51 किलो की पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शहीदों को नमन किया तथा राष्ट्रीय एकता एवं सद्भावना का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी आगंतुक अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए स्वरुचि भोज का आयोजन किया गया।
राजाबाबू गोधा
जैन महासभा मीडिया प्रवक्ता, राजस्थान


