
जयपुर | शाबाश इंडिया।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जैन इंजीनियर्स साउथ चैप्टर द्वारा इन्द्रलोक ऑडिटोरियम में ‘सुरमयी संध्या’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और तिरंगा यात्रा से सजे कार्यक्रम में सदस्यों एवं अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि इंजीनियर अशोक जैन (सेवानिवृत्त आईएएस), जेस फेडरेशन के उपाध्यक्ष, विशिष्ट अतिथि इंजीनियर प्रेमचंद छाबड़ा, साउथ चैप्टर अध्यक्ष महेंद्र कासलीवाल, सचिव विनोद बड़जात्या, नॉर्थ जोन चेयरमैन देवेंद्र मोहन जैन सहित अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि इंजीनियर अशोक जैन एवं विशिष्ट अतिथि इंजीनियर प्रेमचंद छाबड़ा का दुपट्टा, माला एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में देशभक्ति एवं सांस्कृतिक भावनाओं से ओतप्रोत विभिन्न गीतों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि इंजीनियर अशोक जैन ने भी अपनी मधुर आवाज में गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। जेस साउथ चैप्टर के सदस्यों के अलावा एमएनआईटी, लॉयंस, प्रेयस सहित अन्य संस्थाओं के सदस्यों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम से प्रभावित होकर दो इंजीनियरों ने जैन इंजीनियर्स साउथ चैप्टर की सदस्यता ग्रहण करने की घोषणा की।
कार्यक्रम में शुरू से अंत तक उपस्थित रहने वाले सदस्यों के लिए लॉटरी के माध्यम से दो पुरस्कार निकाले गए और विजेताओं को उपहार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा हाथों में लेकर सदस्यों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति के उत्साह से सराबोर हो गया। रात्रि में सभी उपस्थित लोगों के लिए चाय एवं अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।
कार्यक्रम के संयोजक चंद्रप्रकाश बाफना, वीरेन कोरडिया, प्रमोद बोहरा एवं डॉ. प्रभा लुहाड़िया ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच संचालन वीरेन एवं श्रीमती सुषमा कोरडिया ने किया।
अंत में जेस साउथ चैप्टर के अध्यक्ष महेंद्र कासलीवाल ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
— विनोद बड़जात्या
सचिव, जैन इंजीनियर्स साउथ चैप्टर, जयपुर


