
जयपुर | शाबाश इंडिया।
जैन धर्म एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जय जिनेंद्र ग्रुप, महावीर नगर का 10 सदस्यीय दल चार सप्ताह की अमेरिका यात्रा पर रवाना हुआ। दल जयपुर से यात्रा शुरू कर सैन फ्रांसिस्को एवं ऑरलैंडो होते हुए न्यू जर्सी पहुंचा। न्यू जर्सी पहुंचने पर दल के सदस्यों ने जैन मंदिर के दर्शन किए।
श्री दिगंबर जैन महासमिति के राष्ट्रीय महामंत्री एवं जय जिनेंद्र ग्रुप के सदस्य सुरेंद्र जैन पांड्या ने बताया कि अमेरिका में चार सप्ताह के प्रवास के दौरान दल विभिन्न राज्यों की यात्रा करेगा। इस दौरान वहां स्थित जैन मंदिरों के दर्शन किए जाएंगे तथा जैन समाज के लोगों से मुलाकात कर धर्म चर्चा एवं जैन धर्म और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यात्रा की शुरुआत सैन फ्रांसिस्को एयरपोर्ट पहुंचने के बाद जैन मंदिर के दर्शन से हुई। वहां एक ही मंदिर में दोनों जैन परंपराओं के धर्मावलंबी मिलकर पूजा-अर्चना करते हैं। दल के सदस्यों ने मंदिर में दर्शन कर धार्मिक गतिविधियों की जानकारी ली।
अमेरिका प्रवास के दौरान दल विभिन्न राज्यों में स्थित जैन मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण करेगा और स्थानीय जैन समाज के सदस्यों से संवाद स्थापित करेगा। इस यात्रा का उद्देश्य विदेशों में जैन धर्म की शिक्षाओं, अहिंसा, संयम एवं भारतीय संस्कृति के मूल्यों को बढ़ावा देना है।
दल में सेवानिवृत्त न्यायाधीश नरेंद्र कुमार जैन, सुरेश काला, कैलाश जैन, सुरेश सोगानी सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।


