
जयपुर | शाबाश इंडिया।
अखिल भारतीय श्रीमाल जैन जागृति संस्था के महिला मंडल के तत्वावधान में लहरिया महोत्सव एवं तीज उत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और उमंग के साथ किया गया। रंग-बिरंगे लहरिया परिधानों में सजी महिलाओं ने कार्यक्रम में राजस्थानी संस्कृति और परंपराओं की मनमोहक छटा बिखेरी।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महावीर के चित्र का अनावरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। महिला मंडल की सचिव संगीता जैन ने बताया कि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती चन्द्रकला जैन रहीं। चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्वलन नेहा जैन ने किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि मंजू जैन, पिंकी जैन (सांगानेर), उर्मिला जैन एवं अनिता जैन (लूनियावास) ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
लहरिया महोत्सव के दौरान महिलाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। गीत-संगीत और उत्साह से पूरा वातावरण तीज की उमंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम की संरक्षक श्रीमती स्नेह लता जैन ने तीज महोत्सव के अवसर पर सभी महिलाओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति, परंपराओं और आपसी स्नेह को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंत में संस्था की संयोजक रेणु जैन ने सभी अतिथियों एवं महिलाओं का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए आभार व्यक्त किया। लहरिया के रंगों और तीज की उमंग ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।


