
जयपुर | शाबाश इंडिया।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत महावीर पब्लिक स्कूल, सी-स्कीम, जयपुर में 13 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रार्थना-सभा एवं तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत प्रार्थना-सभा के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, गायन, वादन एवं कविता-पाठ के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त की। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों एवं शिक्षकगण ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति गीतों पर उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा तिरंगा फहराकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।
इसके पश्चात विद्यालय के अध्यक्ष उमराव मल सांघी, मानद मंत्री सुनील बख्शी, कोषाध्यक्ष महेश काला, संयोजक सुदीप ठोलिया, कार्यकारिणी सदस्य विनोद कोटखावदा एवं प्राचार्या श्रीमती सीमा जैन ने हरी झंडी दिखाकर कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को तिरंगा यात्रा के लिए रवाना किया। हाथों में तिरंगा थामे विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में प्रभात फेरी निकालते हुए ‘वंदे मातरम्’ एवं ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
तिरंगा यात्रा में प्री-प्राइमरी, प्राइमरी एवं मिडिल कक्षाओं के नन्हे विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों के साथ संस्था के पदाधिकारियों, प्राचार्या एवं शिक्षकगण ने भी पूरे उत्साह और उमंग के साथ राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया।
इस अवसर पर श्री बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भी विशेष उत्साह एवं गौरव की अनुभूति की गई। पूरे कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम एवं तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।


