
जयपुर | शाबाश इंडिया।
द्वादशवर्षीय श्रमण संस्कृति स्वाध्याय पाठ्यक्रम सांगानेर, जयपुर द्वारा आयोजित पाठ्यक्रम में तीन वर्ष तक अध्ययन पूर्ण करने पर गायत्री नगर, महारानी फार्म, जयपुर निवासी अनिल कुमार जैन ‘बयान वालों’ को ‘सिद्धांत प्रभाकर’ की उपाधि से विभूषित किया गया।
अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि संस्थान के अधिष्ठाता जयकुमार जैन, निदेशक डॉ. शीतल चंद जैन, समन्वयक ऋषभ जैन एवं रजिस्ट्रार प्रो. अरुण कुमार जैन द्वारा संयुक्त रूप से जारी प्रमाण-पत्र में अनिल कुमार जैन को उक्त उपाधि प्रदान किए जाने की घोषणा की गई। संस्थान ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु की कामना की।
इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह, मंत्री राजेश बोहरा सहित उपस्थित पदाधिकारियों एवं गणमान्यजनों ने मंदिर प्रबंध समिति तथा दिगंबर जैन समाज, महारानी फार्म की ओर से अनिल जैन का तिलक, माला एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया। उपाधि प्राप्त होने पर उपस्थित महिला-पुरुषों ने करतल ध्वनि से अनुमोदना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सभा का संचालन करते हुए विधानाचार्य पं. अजित शास्त्री ने कहा कि यह सम्मान स्वाध्याय का सम्मान है। उन्होंने स्वाध्याय को परम तप बताते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला और सभी से प्रतिदिन कम से कम एक बार स्वाध्याय करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि महारानी फार्म स्थित गायत्री नगर मंदिर में प्रतिदिन सायंकाल स्वाध्याय सभा का संचालन किया जाता है। इस दौरान श्रद्धालु नियमित रूप से स्वाध्याय एवं धार्मिक अध्ययन का लाभ लेते हैं।
प्रेषक:
उदयभान जैन, जयपुर
मो.: 94143-06696


