
जयपुर/पुष्कर | शाबाश इंडिया।
सेवा, संस्कार और संकल्प के साथ नए रोटरी वर्ष 2026–27 का शानदार आगाज
रोटरी क्लब जयपुर नॉर्थ का वर्ष 2026–27 का भव्य “राजतिलक एवं पदस्थापना समारोह” 8 एवं 9 अगस्त को द सूर्या गोल्डन पैलेस, पुष्कर में उत्साह, उमंग और पारिवारिक वातावरण के बीच शानदार तरीके से आयोजित किया गया। दो दिवसीय समारोह में क्लब के लगभग 200 सदस्यों एवं परिजनों ने सहभागिता कर कार्यक्रम को यादगार बनाया।
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में वर्ष 2026–27 की नई कार्यकारिणी का विधिवत पदस्थापना एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। इस अवसर पर रोटे. अनिल जैन ने अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की, जबकि रोटे. अंकुर शाह ने सचिव पद की शपथ ग्रहण की। इसके साथ ही क्लब के अन्य पदाधिकारियों एवं बोर्ड सदस्यों को भी उनके दायित्वों की शपथ दिलाई गई। सभी ने रोटरी के सेवा मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
नवनियुक्त अध्यक्ष रोटे. अनिल जैन के नेतृत्व में क्लब ने नए रोटरी वर्ष में सेवा, सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने का संकल्प लिया।
समारोह के दौरान सदस्यों का पारंपरिक तिलक एवं भव्य स्वागत कर अभिनंदन किया गया। इसके बाद पूल पार्टी, मनोरंजक खेल, फेलोशिप तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। शाम को दीप प्रज्वलन के साथ मुख्य समारोह का शुभारंभ हुआ। आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संगीत के बीच सदस्यों ने पूरे उत्साह से नए रोटरी वर्ष का स्वागत किया।
अध्यक्ष अनिल जैन ने कहा कि रोटरी क्लब जयपुर नॉर्थ की पहचान केवल आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना क्लब की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्ष में क्लब सभी सदस्यों के सहयोग से रक्तदान, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविर, पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण, गौसेवा, शिक्षा तथा अन्य जनसेवा गतिविधियों को और व्यापक स्तर पर आयोजित करेगा।
उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक और स्थायी बदलाव लाना है। क्लब का प्रत्येक सदस्य इस सेवा यात्रा का महत्वपूर्ण सहभागी है।”
समारोह के दूसरे दिन प्रातः पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही “जश्न-ए-आजादी” कार्यक्रम में देशभक्ति की भावना के साथ सदस्यों ने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संदेश दिया। बाद में सभी सदस्यों ने पुष्कर स्थित ब्रह्मा मंदिर के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं समाज कल्याण की कामना की।
क्लब सदस्यों ने बताया कि अध्यक्ष अनिल जैन के नेतृत्व में पिछले वर्षों में क्लब ने सामाजिक सेवा एवं फेलोशिप के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं तथा अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित हुआ है। वर्ष 2026–27 में भी क्लब पूरी टीम भावना के साथ समाजसेवा के नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
दो दिवसीय राजतिलक समारोह ने सेवा, मित्रता, एकता और पारिवारिक सौहार्द का अनूठा संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष रोटे. अनिल जैन ने समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, बोर्ड सदस्यों, संयोजकों, प्रायोजकों एवं पूरे रोटरी क्लब जयपुर नॉर्थ परिवार का आभार व्यक्त किया।


