Wednesday, August 12, 2026

सैलून एवं ब्यूटी जगत की एकजुटता से बनेगी सशक्त पहचान

उदयपुर | शाबाश इंडिया।

राष्ट्रीय सैलून दिवस के अवसर पर उदयपुर में सैलून एवं ब्यूटी उद्योग से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में सेन केश कला संस्थान, हेयर एंड ब्यूटी फेडरेशन (एचबीएफ), हेयर एंड ब्यूटी ऑर्गेनाइजेशन राजस्थान तथा लेक सिटी ब्यूटी क्लब उदयपुर सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए।

बैठक में सैलून एवं ब्यूटी उद्योग की वर्तमान चुनौतियों, व्यवसायियों के हितों, संगठनात्मक विस्तार तथा सरकारी स्तर पर उद्योग से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर चर्चा की गई।

प्रतिभागियों ने कहा कि सैलून एवं ब्यूटी क्षेत्र केवल सौंदर्य सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लाखों परिवारों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध कराने वाला महत्वपूर्ण उद्योग है। ऐसे में इस क्षेत्र से जुड़े कुशल कारीगरों, ब्यूटी प्रोफेशनल्स और व्यवसायियों की समस्याओं को एक साझा मंच के माध्यम से उठाना समय की आवश्यकता है।

हेयर एंड ब्यूटी फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक पालीवाल ने कहा कि मजबूत संगठन ही किसी भी पेशे की गरिमा और अधिकारों की रक्षा कर सकता है। उन्होंने सभी संगठनों से आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर उद्योग हित में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

डॉ. हेमंत सेन ने संगठन की एकता को इसकी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि आपसी समन्वय, संवाद और सक्रिय सदस्यता के माध्यम से ही सैलून व्यवसायियों की आवाज को व्यापक स्तर तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने युवा व्यवसायियों और प्रशिक्षित ब्यूटी प्रोफेशनल्स को भी संगठनों से जोड़ने पर जोर दिया।

बैठक में दिलीप सेन, शम्भूलाल सेन, सुरेश सेन, नंदा भाटिया, भारती सेन, मंजू सेन, जितेंद्र सेन, कैलाश सेन और श्वेताशा पालीवाल ने भी अपने विचार रखे।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने सदस्यता अभियान को गति देने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा सैलून एवं ब्यूटी व्यवसाय से जुड़े अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का संकल्प लिया।

रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar