
अजमेर | शाबाश इंडिया।
श्री दिगंबर जैन महासमिति महिला एवं युवा महिला संभाग, अजमेर द्वारा शुक्रवार को छोटा धड़ा की नसियां स्थित आदिनाथ निलय में लहरिया उत्सव हर्षोल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
महिला संभाग अध्यक्ष मधु पाटनी ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती निर्मला, पूजा, मोनिका एवं मेघना पांड्या परिवार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती प्रीति, रंजना एवं पायल बाकलीवाल मौजूद रहीं। चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्वलन का सौभाग्य श्रीमती नीलम, प्राची, खुशबू पाटनी एवं किरण, आकृति गोधा को मिला। पुरस्कार प्रदाता के रूप में श्रीमती कमलेश एवं राकेश जी तथा श्रीमती सुधा एवं मुकेश पालीवाल (पालीवाल यूनिफॉर्म) उपस्थित रहे। जिन मंदिर में जिनवाणी संरक्षण प्रतियोगिता के पुरस्कार श्रीमती मनभर, मंजू एवं मनोज ठोलिया द्वारा प्रदान किए गए।
समारोह में राजस्थान सरकार की पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिता भदेल का समिति पदाधिकारियों द्वारा दुपट्टा, माला एवं तिलक लगाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। श्रीमती भदेल ने सभी महिलाओं को श्रावण पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आगामी मातृशक्ति कार्यक्रम की जानकारी साझा की।
युवा महिला संभाग अध्यक्ष सोनिका भैंसा ने बताया कि इस अवसर पर सीए फाइनल परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले तथा डॉक्टर बनने वाले जैन प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समिति की पदाधिकारीगण द्वारा मंगलाचरण से हुई। इसके बाद महासमिति की गोधा गवाड़ी इकाई की ओर से भक्तिनृत्य की प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम में विभिन्न इकाइयों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। आगरागेट इकाई, सोनी नगर इकाई, केसरगंज इकाई एवं सर्वोदय कॉलोनी इकाई की प्रस्तुतियों को खूब सराहा गया। महिलाओं ने आकर्षक गेम्स एवं तंबोला का भी भरपूर आनंद लिया। समाज में आई नई नवेली बहुओं के लिए विशेष मनोरंजक गेम्स का आयोजन किया गया।
मंत्री सुषमा पाटनी एवं रिंकू कासलीवाल ने बताया कि लहरिया उत्सव की खासियत यह रही कि बड़ी संख्या में सदस्याएं एक जैसे पारंपरिक लहरिया परिधान में पहुंचीं, जिससे पूरा आयोजन सावन के सतरंगी रंगों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का सफल संचालन अर्चना गंगवाल ने किया। आयोजन को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने में कोषाध्यक्ष रेणु पाटनी, मंजू ठोलिया, मधु काला, शांता काला, मनीष पाटनी, महेश पाटनी सहित सरावगी मोहल्ला एवं सर्वोदय इकाई की सदस्याओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में महिला महासमिति द्वारा सामाजिक सरोकार के कार्यों में सहयोग करने वाले श्री राकेश पालीवाल, अतुल पाटनी, दिनेश पाटनी एवं मनोज गोधा का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने लहरिया उत्सव को यादगार बना दिया।


