
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
विश्वभर में शाही महलों, झीलों और डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए प्रसिद्ध उदयपुर बुधवार को वेडिंग एवं इवेंट इंडस्ट्री के बड़े समागम का साक्षी बनेगा। बम्बूसा रिजॉर्ट एंड स्पा में 5 अगस्त को दोपहर 2:30 बजे से वीवा वेडिंग इंडस्ट्री एंड वेंडर्स अवार्ड का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर से वेडिंग और इवेंट सेक्टर से जुड़े 250 से अधिक प्रोफेशनल्स भाग लेंगे।
कार्यक्रम में होटल, रिसॉर्ट, हॉस्पिटैलिटी, कैटरिंग, डेकोरेशन, फोटोग्राफी, एंटरटेनमेंट, ट्रैवल और इवेंट मैनेजमेंट से जुड़े विशेषज्ञ एक मंच पर एकत्रित होकर वेडिंग इंडस्ट्री के बदलते स्वरूप, नई तकनीकों, रचनात्मक प्रयोगों, नेटवर्किंग और व्यवसाय विस्तार की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे।
समारोह का मुख्य आकर्षण देश के प्रसिद्ध इवेंट विशेषज्ञ अरशद हुसैन का विशेष संबोधन होगा। फेडरेशन ऑफ राजस्थान इवेंट मैनेजर्स के पूर्व अध्यक्ष, आईडब्ल्यूटीसी के संस्थापक तथा इवेंट मैनेजर्स डे के ग्लोबल कन्वीनर अरशद हुसैन उद्योग में सफलता, ब्रांड निर्माण और नए बिजनेस मॉडल पर अपने अनुभव साझा करेंगे। वे डेस्टिनेशन वेडिंग के बढ़ते बाजार, ग्राहकों की बदलती अपेक्षाओं तथा भविष्य की व्यावसायिक संभावनाओं पर भी प्रकाश डालेंगे।
आयोजकों के अनुसार उदयपुर अब केवल भव्य शादियों का पसंदीदा शहर नहीं, बल्कि वेडिंग बिजनेस और क्रिएटिव इवेंट्स का वैश्विक केंद्र बनकर उभर रहा है। यह आयोजन उद्योग से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने, नई साझेदारियों को प्रोत्साहित करने और उदयपुर की डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में पहचान को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
रिपोर्ट/फोटो : राकेश शर्मा ‘राजदीप’


