
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
राष्ट्रीय प्रसारण दिवस के अवसर पर साई तिरुपति विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकाशवाणी उदयपुर में सम्मान प्राप्त किया। विश्वविद्यालय में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से आकाशवाणी केंद्र आमंत्रित किया गया, जहां उन्हें रेडियो प्रसारण की कार्यप्रणाली को निकट से जानने और अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिला।
इस अवसर पर प्रतियोगिता के विजेता संजना अग्रवाल, फैसल खान, अर्जुन जाट एवं कृष्णपाल सिंह राठौड़ का साक्षात्कार रिकॉर्ड किया गया। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए ज्ञानवर्धक गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला। आकाशवाणी के अधिकारियों ने उन्हें रेडियो प्रसारण की तकनीकी प्रक्रिया, समाचार संकलन, उद्घोषणा शैली तथा आधुनिक जनसंचार माध्यमों की बदलती भूमिका से अवगत कराया। साथ ही उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
साई तिरुपति विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन आशीष अग्रवाल ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को नई पहचान देने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास एवं संचार कौशल को भी सशक्त बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी समर्पण और उत्साह के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में डॉ. गीतांजलि शर्मा तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) सेल के दीपक तेली उपस्थित रहे। यह आयोजन पैसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) सेल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।


