
अजमेर | शाबाश इंडिया।
लायंस क्लब अजमेर आस्था द्वारा जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को शिक्षा एवं संस्कारों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से सेवा कार्य के तहत अलवर गेट क्षेत्र स्थित नोनकरण का आहता एवं राबड़िया मोहल्ला द्वितीय की आंगनवाड़ियों में अध्ययनरत 50 नन्हे-मुन्ने बच्चों को गणवेश वितरित किए गए। इस सेवा से बच्चों के चेहरों पर खुशी की मुस्कान खिल उठी।
क्लब सचिव लायन अनिल चोरड़िया ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन मिशन मुस्कान के प्रांतीय सभापति लायन अतुल पाटनी के संयोजन में किया गया। समाजसेवी लायन राकेश पालीवाल, लायन अतुल पाटनी, दिल्ली निवासी राजेश जैन तथा अजमेर के एक होजरी व्यवसायी के सहयोग से दोनों आंगनवाड़ियों के बच्चों के लिए गणवेश उपलब्ध कराए गए।
नोनकरण का आहता द्वितीय की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता दीपमाला लोहिया एवं सहायिका पिंकी चौधरी को 25 गणवेश तथा राबड़िया द्वितीय की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनीता तोषनीवाल एवं सहायिका रजनी गहरवार को 25 गणवेश सौंपे गए। बाद में बच्चों के माता-पिता, अभिभावकों एवं क्षेत्र के स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में बच्चों को गणवेश भेंट किए गए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। ऐसे सेवा कार्य न केवल बच्चों का उत्साहवर्धन करते हैं, बल्कि अभिभावकों को भी उन्हें नियमित रूप से आंगनवाड़ी भेजने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में क्लब अध्यक्ष लायन कमल बाफना ने सेवा सहयोगी लायन साथियों एवं भामाशाहों का आभार व्यक्त करते हुए उनके सेवाभाव की सराहना की और समाजहित में ऐसे कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।


