Saturday, July 25, 2026

दृष्टिहीन बालिकाओं की सेवा कर मिला आत्मसंतुष्टि का सुख

अजमेर | शाबाश इंडिया।

लायंस क्लब अजमेर आस्था द्वारा सेवा, संवेदना एवं समर्पण की प्रेरणादायी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय संत श्री कृष्णानन्द जी महाराज के करकमलों द्वारा स्थापित लाडली घर में निवासरत 35 दृष्टिहीन बालिकाओं को पीसांगन निवासी दीपक छाजेड़ के सहयोग से शुद्ध, सात्विक एवं मिष्ठान युक्त भोजन कराया गया। सेवा के इस भावपूर्ण आयोजन ने सभी उपस्थित जनों को आत्मसंतुष्टि का सुख प्रदान किया।

क्लब सचिव लायन अनिल चोरड़िया ने बताया कि पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष लायन पदमचंद जैन के संयोजन में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम से पूर्व क्लब सदस्यों ने दृष्टिहीन बालिकाओं की शिक्षा व्यवस्था, दैनिक जीवन एवं आवश्यकताओं की जानकारी भी प्राप्त की, ताकि भविष्य में उनकी जरूरतों के अनुरूप सेवा कार्यों का विस्तार किया जा सके।

इस अवसर पर लायन सत्येंद्र मालू, लाइनेड शिमला बाफना सहित अन्य सदस्यों ने आत्मीयता के साथ अपने हाथों से बालिकाओं को भोजन परोसकर सेवा का सौभाग्य प्राप्त किया। सेवा के दौरान बालिकाओं के चेहरों पर खिली मुस्कान ने सभी को भावुक कर दिया।

कार्यक्रम के अंत में क्लब अध्यक्ष लायन कमल बाफना ने सेवा सहयोगी दीपक छाजेड़ एवं उनके परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही ऐसे सेवा कार्य निरंतर संभव हो पाते हैं।

राष्ट्रीय संत श्री कृष्णानन्द जी महाराज ने सभी आगंतुकों को अपना आशीर्वाद प्रदान करते हुए सेवा को मानव जीवन का सर्वोच्च धर्म बताया।

मिशन मुस्कान के प्रांतीय सभापति लायन अतुल पाटनी ने बताया कि लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233 ई-2 के प्रांतपाल लायन निशांत जैन के प्रांतीय स्लोगन “फ्लाइट ऑफ ड्रीम” के अंतर्गत क्लब निरंतर सेवा प्रकल्पों के माध्यम से जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां और मुस्कान लाने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी सेवाएं केवल भोजन कराने तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि समाज में अपनत्व, सम्मान और प्रेम का संदेश भी देती हैं।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar