Saturday, July 25, 2026

गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी ससंघ का हीरा पथ जैन मंदिर में मंगल प्रवेश, रविवार को वरुण पथ में होगा भव्य चातुर्मासिक मंगल प्रवेश

जयपुर | शाबाश इंडिया।

राजधानी जयपुर के मानसरोवर स्थित श्री नेमीनाथ दिगंबर जैन मंदिर, हीरा पथ में शुक्रवार प्रातः गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी ससंघ का मंगल प्रवेश श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इससे पूर्व प्रातः 5:15 बजे आर्यिका संघ ने अग्रवाल फार्म स्थित थड़ी मार्केट दिगंबर जैन मंदिर से मंगल विहार प्रारंभ किया।

मंगल विहार यात्रा विजय पथ, मीरा मार्ग, पटेल मार्ग, केंद्रीय विद्यालय एवं वीटी रोड चौराहे से होकर हीरा पथ पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने जयघोष, बैंड-बाजों एवं भक्ति भाव के साथ आर्यिका संघ की भव्य अगवानी की। इसके पश्चात पदविहार करते हुए आर्यिका संघ का श्री नेमीनाथ दिगंबर जैन मंदिर में मंगल प्रवेश कराया गया।

अखिल भारतीय दिगंबर जैन युवा एकता संघ के अध्यक्ष अभिषेक जैन बिट्टू ने बताया कि मंदिर में प्रवेश के उपरांत पूज्य माताजी ने जिनालय के दर्शन किए तथा उनके मुखारविंद से भगवान नेमीनाथ स्वामी की वृहद शांतिधारा संपन्न हुई। इसके बाद धर्मसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं को मंगलमय आशीर्वचन प्रदान किए।

वरुण पथ समिति के अध्यक्ष जेके जैन एवं मंत्री ज्ञानचंद बिलाला ने बताया कि गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी ससंघ का वर्ष 2026 का पावन चातुर्मास मानसरोवर स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर, वरुण पथ में संपन्न होगा। इसके लिए रविवार, 26 जुलाई को प्रातः 7 बजे भव्य एवं ऐतिहासिक चातुर्मासिक मंगल प्रवेश यात्रा का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि लगभग तीन किलोमीटर लंबी यह भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे, ध्वज-पताकाओं एवं जयघोषों के साथ निकाली जाएगी, जिसमें जयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। यह आयोजन धार्मिक आस्था, भक्ति और पुण्यार्जन का विशेष अवसर होगा।

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी का वरुण पथ में यह 32वाँ वर्षायोग है तथा राजधानी जयपुर में उनका प्रथम वर्षायोग होने के कारण समूचे जैन समाज में विशेष उत्साह और हर्ष का वातावरण है।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar