Tuesday, July 21, 2026

‘एक पौधा, एक परिवार के नाम’ अभियान के तहत श्री मुल्तान दिगम्बर जैन महिला मंडल ने किया वृक्षारोपण

जयपुर | शाबाश इंडिया।

जयपुर। श्री मुल्तान दिगम्बर जैन मंदिर, आदर्श नगर में रविवार को श्री मुल्तान दिगम्बर जैन महिला मंडल द्वारा ‘प्रोजेक्ट हरियाली-2026’ के अंतर्गत ‘एक पौधा, एक परिवार के नाम’ अभियान का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए समाज को प्रेरित करना रहा।

महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती मधु जैन ने बताया कि कार्यक्रम में जयपुर नगर निगम हेरिटेज की सभापति एवं पार्षद श्रीमती ऋतु मोटवानी, उनके पति श्री किशोर मोटवानी तथा उनकी टीम ने सहभागिता कर अभियान का उत्साहवर्धन किया।

महिला मंडल की मंत्री श्रीमती नम्रता जैन ने बताया कि अभियान में समाज के 125 से अधिक सदस्यों ने पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ भाग लिया। वृक्षारोपण कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें छह माह के शिशु से लेकर 87 वर्ष तक के बुजुर्गों ने सहभागिता निभाई। प्रत्येक परिवार ने अपने परिजनों एवं मित्रों के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम की स्मृति स्वरूप महिला मंडल की ओर से प्रत्येक परिवार को एक सुंदर पौधे का गमला भेंट किया गया, जिसे सभी ने प्रसन्नतापूर्वक स्वीकार किया। इस दौरान मंदिर उद्यान एवं मंदिर परिसर के बाहर स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं समाजजनों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में महिला मंडल की कार्यकारिणी एवं सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली और स्वच्छता के इस अभियान को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar