शाबाश इंडिया | उदयपुर।

जैन सोशल ग्रुप्स इंटरनेशनल फेडरेशन (जेएसजीआईएफ) मेवाड़ रीजन द्वारा पिछले छह वर्षों से संचालित सेवा प्रकल्प ‘मेडिकल इक्विपमेंट बैंक’ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेवा प्रकल्प के व्यापक प्रचार-प्रसार, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाने तथा मेडिकल इक्विपमेंट बैंक के लिए स्थायी एवं सुव्यवस्थित परिसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास तेज करने पर जोर दिया गया। बैठक का शुभारंभ सामूहिक नवकार मंत्र के उच्चारण के साथ हुआ।
समिति अध्यक्ष शांतिलाल मेहता ने बताया कि मेडिकल इक्विपमेंट बैंक में उपलब्ध सभी चिकित्सा उपकरण जरूरतमंदों को एक माह तक पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके पश्चात केवल नाममात्र का सेवा शुल्क लिया जाता है। वर्तमान में प्रतिमाह लगभग 50 से 60 लाभार्थी इस सेवा प्रकल्प का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
जेएसजीआईएफ मेवाड़ रीजन के चेयरमैन अरुण मांडोत ने कहा कि इस जनहितकारी सेवा प्रकल्प का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है, ताकि जरूरतमंद परिवारों तक इसकी जानकारी पहुंचे और वे इस सुविधा का लाभ उठा सकें। उन्होंने सुझाव दिया कि उदयपुर में जहां-जहां चातुर्मास आयोजित हो रहे हैं, वहां साधु-संतों एवं समाजजनों के बीच मेडिकल इक्विपमेंट बैंक की जानकारी दी जाए। साथ ही सभी चिकित्सा उपकरणों के नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर भी बल दिया, ताकि लाभार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।
अरुण मांडोत ने विश्वास व्यक्त किया कि मेडिकल इक्विपमेंट बैंक के लिए स्थायी एवं सुव्यवस्थित परिसर उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार जारी हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान वित्तीय वर्ष के अंत तक इस दिशा में ठोस व्यवस्था करने के लिए वे संकल्पबद्ध हैं।
समिति सदस्य सुनील गांग ने सुझाव दिया कि मेवाड़ रीजन के प्रत्येक जेएसजी सदस्य तक मेडिकल इक्विपमेंट बैंक की जानकारी पहुंचाई जाए, जिससे इस सेवा का लाभ अधिकाधिक जरूरतमंदों तक पहुंच सके। समिति सदस्य संतोष जैन ने वित्तीय वर्ष की प्रथम तिमाही का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बाइपैप मशीन, आईसीयू बेड सहित अन्य उच्च मूल्य एवं अत्यावश्यक चिकित्सा उपकरणों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक रोगियों को इस सेवा का लाभ मिल सके।
बैठक में चेयरमैन इलेक्ट पारस ढेलावत, उपाध्यक्ष हिमांशु मेहता, महेश पोरवाल, जितेंद्र हरकावत, पूर्व चेयरमैन ओ.पी. चपलोत, कोषाध्यक्ष श्यामलाल सिसोदिया, पूरणमल मेहता, अर्जुन खोखावत, महेश बया, नरेंद्र सेठ सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में समिति सदस्य संतोष जैन ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।


