अजमेर/शाबाश इंडिया।

लायंस क्लब्स इंटरनेशनल 3233 ई-2 के प्रांतपाल एमजेएफ लायन निशांत जैन के मुख्य आतिथ्य में पीड़ित मानव सेवा एवं जीवदया के क्षेत्र में अग्रणी संस्था लायंस क्लब अजमेर आस्था का 26वां पदस्थापना समारोह गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
प्रांतपाल लायन निशांत जैन ने समारोह को संबोधित करते हुए क्लब में शामिल हुए 10 नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि “जहां निस्वार्थ सेवा होती है, वहीं सच्ची भक्ति और मानवता का वास होता है।” उन्होंने अधिक से अधिक सेवा भावी लोगों को लायंस परिवार से जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सेवा के जितने अधिक हाथ जुड़ेंगे, समाज उतना ही अधिक लाभान्वित होगा।
कार्यक्रम संयोजक लायन अतुल पाटनी ने बताया कि नागदा (मध्यप्रदेश) से पधारे डिस्ट्रिक्ट 3233 जी-2 के प्रथम उप-प्रांतपाल पीएमजेएफ लायन पंकज मारू ने लायनेस्टिक वर्ष 2026-27 के लिए क्लब अध्यक्ष लायन कमल बाफना एवं उनकी नवगठित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने पदाधिकारियों को उनके दायित्वों की जानकारी देते हुए सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से राजकीय योजनाओं का लाभ लेकर दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंदों की प्रभावी सेवा करने का आह्वान किया।
समारोह का शुभारंभ निवर्तमान अध्यक्ष लायन मुकेश कर्णावट द्वारा सभा प्रारंभ करने की घोषणा के साथ हुआ। पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष लायन मधु पाटनी ने ध्वज वंदना प्रस्तुत की। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं विश्व शांति के लिए मौन प्रार्थना की गई। सचिव लायन संजय जैन ने वर्ष 2025-26 में क्लब द्वारा किए गए सेवा कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद अध्यक्ष लायन कमल बाफना ने आगामी वर्ष की सेवा योजनाओं की जानकारी दी। समारोह के दौरान क्लब द्वारा सेवा कार्यों की प्रेरणादायी श्रृंखला भी प्रस्तुत की गई।
लायन अतुल पाटनी एवं लायन मधु पाटनी के सहयोग से अशक्त गोवंश को हरा चारा अर्पित किया गया तथा डियर पार्क में हिरणों एवं बंदरों के लिए भी भोजन की व्यवस्था की गई। पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष लायन अनिल कुमार छाजेड़ के सहयोग से राष्ट्रीय संत एवं गौरक्षक श्री कृष्णानंद जी गुरुदेव के आशीर्वाद से संचालित दृष्टिहीन बालिकाओं के आवासीय विद्यालय लाड़ली घर की 45 दिव्यांग बालिकाओं को शुद्ध, सात्विक एवं मिष्ठानयुक्त भोजन कराया गया।
पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष लायन पदमचंद जैन के सहयोग से दो दृष्टिहीन बालिकाओं की वार्षिक शिक्षा शुल्क राशि 18 हजार रुपए प्रदान की गई। समाजसेवी लायन राकेश पालीवाल, लायन अतुल पाटनी एवं पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष लायन मधु पाटनी के सहयोग से राजकीय विद्यालय राजा कोठी की प्रतिभावान छात्रा वंशिका को विद्यालय आने-जाने के लिए साइकिल भेंट की गई।
इसके अतिरिक्त तीर्थराज पुष्कर स्थित ज्योतिर्गमय सेवा संस्थान के 65 विमंदित विद्यार्थियों को गणवेश वितरित किए गए। रूपनगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया में कार्यरत 30 श्रमिकों एवं उनके परिवारजनों को नए वस्त्र प्रदान किए गए। वहीं पूर्व प्रांतीय सचिव लायन रमाकांत बाल्दी के सहयोग से एक प्रतिभावान छात्रा की शैक्षणिक शुल्क राशि भी प्रदान की गई।
समारोह के अंत में कोषाध्यक्ष लायन विनय लोढ़ा ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष लायन पदमचंद जैन एवं लायन अतुल पाटनी ने किया।
समारोह में पूर्व प्रांतपाल लायन ओ.एल. दवे, लायन सुधीर सोगानी, अन्य क्लबों के पदाधिकारी, माइक्रो कैबिनेट सदस्य, लायंस क्लब अजमेर आस्था के सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


