जबलपुर/शाबाश इंडिया।

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के राष्ट्रीय आह्वान पर महाकौशल-विंध्य रीजन द्वारा राष्ट्रीय पर्यावरण संरक्षण अभियान-2026 के अंतर्गत “हमारा अभियान – एक वृक्ष सौ पुत्रों समान” तथा “वसुंधरा को करें हरा-भरा और सुरक्षित” संकल्प के साथ भव्य पर्यावरण जन-जागरण रैली एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव विनय जैन के मुख्य आतिथ्य एवं चक्रेश मोदी के विशिष्ट आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर फेडरेशन एवं महाकौशल-विंध्य रीजन के पदाधिकारी, विभिन्न सोशल ग्रुपों के अध्यक्ष, पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में दंपती सदस्य उपस्थित रहे।
पर्यावरण जन-जागरण रैली बोर्डिंग जैन मंदिर से प्रारंभ होकर शहीद स्मारक के मुख्य द्वार तक निकाली गई। रैली के माध्यम से नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, अधिकाधिक वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। इसके पश्चात शहीद स्मारक परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की जानकारी फेडरेशन के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक नितिन जैन ने देते हुए बताया कि राष्ट्रीय पर्यावरण संरक्षण अभियान का उद्देश्य समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, अधिकाधिक वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करना तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना है।
इस अवसर पर विनय जैन, अजीत नायक, संतोष जैन, आभा जैन, चित्रा घीया एवं संजय चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति यदि प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो धरती को हरित एवं सुरक्षित बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय रीजन अध्यक्ष मनोज जैन, सचिव हेमंत जैन, कोषाध्यक्ष सुनील घीया, पर्यावरण रैली प्रभारी प्रवीण सिंघई तथा वृक्षारोपण प्रभारी प्रदीप जैन के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सुरेंद्र जैन एवं राविज जैन ने स्वादिष्ट स्वल्पाहार की व्यवस्था की।
जबलपुर मेन ग्रुप के निवर्तमान अध्यक्ष मुल्कराज-अंजली बादशाह ने जामुन एवं अमरूद के 12 पौधे उपलब्ध कराकर अभियान में सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सदस्यों ने सपत्नीक अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में निरंतर जन-जागरण चलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सभी सोशल ग्रुपों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सदस्य सपत्नीक उपस्थित रहे।


