Friday, July 10, 2026

तीर्थंकर ग्रुप ने निकाली दो दिवसीय धार्मिक यात्रा, विभिन्न जैन तीर्थों में किए दर्शन-पूजन

जयपुर। शाबाश इंडिया

दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप तीर्थंकर, जयपुर के तत्वावधान में दो दिवसीय धार्मिक यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में ग्रुप के 21 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न जैन तीर्थों में दर्शन-पूजन कर धर्म लाभ अर्जित किया।

यात्रा का शुभारंभ दुर्गापुरा स्थित चन्द्रप्रभ दिगम्बर जैन मंदिर से हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने अचरोल स्थित देशभूषण आश्रम मंदिर के दर्शन किए। तत्पश्चात अष्टापद पहुंचकर कलिकुंड पार्श्वनाथ जिनालय, भगवान आदिनाथ की विशाल पद्मासन प्रतिमा, चौबीसी एवं अन्य जिनालयों के दर्शन किए।

यात्रा के दौरान श्रद्धालु सिद्धांत क्षेत्र पहुंचे, जहां भोजन के उपरांत पंचबाल यति शिखर, चौबीसी, विशाल खड़गासन प्रतिमा, सहस्रकूट जिनालय, नवग्रह मंदिर तथा अन्य मंदिरों के दर्शन किए। साथ ही गौशाला का भी अवलोकन किया।

इसके बाद यात्रा बड़ेगांव स्थित त्रिलोकधाम पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने परिसर के सभी जिनालयों, प्राचीन मंदिर, नवग्रह मंदिर एवं अन्य देवालयों में दर्शन-पूजन किया। रात्रि विश्राम भी यहीं किया गया।

दूसरे दिन दुर्गापुरा जैन मंदिर के मंत्री राजेन्द्र काला एवं तीर्थंकर ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. एम.एल. जैन ‘मणि’ ने बोली के माध्यम से पार्श्वनाथ मंदिर में प्रथम अभिषेक एवं शांतिधारा का सौभाग्य प्राप्त किया। शांतिधारा का मंगल वाचन पूज्य 105 माताजी के सान्निध्य में संपन्न हुआ।

इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने 425 फीट ऊंचे त्रिलोकतीर्थ में विराजमान भगवान की अष्टधातु प्रतिमा तथा 15 मंजिलों में स्थापित जिनप्रतिमाओं के दर्शन किए। अल्पाहार के बाद यात्रा गुप्तीधाम पहुंची, जहां मुख्य मंदिर की पांच खड़गासन प्रतिमाओं, रत्नों से सुसज्जित चंद्राकार जिनप्रतिमाओं, भगवान पार्श्वनाथ, नवग्रह मंदिर, आदिनाथ जिनालय एवं चौबीसी के दर्शन किए।

यात्रा के अंतिम चरण में श्रद्धालु रानीलातीर्थ पहुंचे, जहां भगवान आदिनाथ की अतिप्राचीन प्रतिमा के दर्शन किए तथा भक्तामर स्तोत्र का सामूहिक पाठ किया। इसके अलावा चरण मंदिर एवं ज्वालिनी माता मंदिर में भी श्रद्धापूर्वक दर्शन-पूजन किया।

वापसी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन, धार्मिक हाउजी एवं विभिन्न मनोरंजक खेलों का आनंद लिया। कार्यक्रम का संचालन विमला पाण्ड्या ने किया। अंत में ग्रुप के सचिव सुरेश आभा गंगवाल ने सभी यात्रियों का आभार व्यक्त किया, जबकि डॉ. शांति जैन ने यात्रा की सफलता में महिलाओं के सहयोग की सराहना की।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar