Friday, July 10, 2026

जैन तीर्थों के संरक्षण-संवर्द्धन के लिए महिला मंडल ने लिया सक्रिय सहभागिता का संकल्प

ललितपुर। शाबाश इंडिया

भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी के 125वें स्थापना वर्ष (शतकोत्तर रजत स्थापना वर्ष) के उपलक्ष्य में अखिल भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के तत्वावधान में ललितपुर स्थित आनंद रेजीडेंसी, इलाइट चौराहा में महिला मंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर की विभिन्न महिला मंडलों की संयोजिकाओं एवं पदाधिकारियों ने भाग लेते हुए जैन तीर्थों के संरक्षण, संवर्द्धन एवं विकास के लिए सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया।

उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के अध्यक्ष जवाहरलाल जैन (सिकंदराबाद) ने कहा कि कमेटी अपने 125वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्तर पर विविध कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि प्राचीन जैन तीर्थ, मंदिर एवं मूर्तियाँ समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके संरक्षण एवं संवर्द्धन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा।

प्रांतीय महिला संयोजिका मीनू जैन (गाजियाबाद) ने महिला मंडलों से नियमित मासिक बैठकें आयोजित करने, प्रत्येक दो माह में किसी तीर्थक्षेत्र की सामूहिक वंदना करने, गुल्लक योजना को घर-घर तक पहुंचाने तथा आय-व्यय का सुव्यवस्थित लेखा-जोखा रखने का आह्वान किया। उन्होंने बुंदेलखंड क्षेत्र के जैन तीर्थों के विकास में महिलाओं की सक्रिय भूमिका पर भी बल दिया।

कमेटी के उपाध्यक्ष इंजी. अनिल जैन ‘अंचल’ ने 125वें स्थापना वर्ष के प्रस्तावित आयोजनों की जानकारी देते हुए कहा कि तीर्थों का संरक्षण केवल धार्मिक ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक उत्तरदायित्व भी है।

संयुक्त महामंत्री डॉ. सुनील जैन संचय ने कहा कि जैन तीर्थ, मंदिर और मूर्तियाँ हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान की अमूल्य धरोहर हैं। भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी पिछले 125 वर्षों से इनके संरक्षण, संवर्द्धन और विकास के लिए सतत कार्य कर रही है।

तीर्थक्षेत्र कमेटी ललितपुर इकाई की महामंत्री अनुपमा बजाज ने आभार व्यक्त किया, जबकि अध्यक्ष श्रीमती अनीता मोदी ने अतिथियों का स्वागत किया। बैठक के अंत में उपस्थित महिलाओं ने जैन तीर्थों के संरक्षण एवं संवर्द्धन के लिए सक्रिय सहभागिता का सामूहिक संकल्प लिया।

बैठक में अनुपमा बजाज, अनीता मोदी, आरती जैन, सुषमा जैन, सुषमा अतिशय, रूबी जैन, नीलू जैन, उमा जैन, राजश्री जैन, विजय जैन, ज्योति जैन, अंजली जैन, संगीता जैन, रश्मि जैन, योगिता जैन, मीना जैन, पिंकी जैन, शोभा टडैया, रश्मि डोंगरा, सुनीता टडैया, नीतू जैन, जयश्री जैन सहित नगर की अनेक महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar