पेरिस। शाबाश इंडिया

रिलायंस रिटेल की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ईशा अंबानी ने पेरिस हाउते कूट्योर वीक में अपनी खास उपस्थिति दर्ज कराते हुए भारतीय फैशन और कारीगरी को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। वह डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के ऑटम/विंटर 2026 हाउते कूट्योर शो में शामिल हुईं। यह पेरिस के आधिकारिक हाउते कूट्योर कैलेंडर पर मनीष मल्होत्रा की पहली प्रस्तुति रही।
इस अवसर पर ईशा अंबानी ने विशेष रूप से तैयार किया गया गोल्डन गाउन पहना, जिसे मुंबई में 700 घंटे से अधिक की बारीक हस्तकारी से तैयार किया गया। इस गाउन को मनीष मल्होत्रा ने स्टाइलिस्ट एंड्रयू मुकामल के साथ मिलकर खास तौर पर ईशा अंबानी के लिए डिजाइन किया।

गाउन में भारतीय जरी-जरदोजी कारीगरी के साथ पारंपरिक सली और ताबान तकनीकों का प्रयोग किया गया है। इसके अलावा इसमें हाथ से जड़े गए क्रिस्टल का इस्तेमाल किया गया। गाउन का डिजाइन ‘MAA (मां)’ थीम से प्रेरित है, जो उन महिलाओं को समर्पित है जिनके प्रेम, शक्ति और गरिमा ने पीढ़ियों को प्रेरित किया है।
ईशा अंबानी ने अपने लुक को लॉरेन श्वार्ट्ज के 50 कैरेट न्यूड डायमंड ईयररिंग्स और 12 कैरेट पियर-शेप न्यूड डायमंड रिंग के साथ पूरा किया। गोल्डन गाउन और डायमंड ज्वेलरी के इस संयोजन ने पेरिस के प्रतिष्ठित फैशन मंच पर भारतीय शिल्पकला और आधुनिक डिजाइन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
रिलीज़ के अनुसार, पेरिस में ईशा अंबानी ने विशेष रूप से मनीष मल्होत्रा और राहुल मिश्रा के फैशन शो में भाग लिया। इसे भारतीय डिजाइनरों, लग्जरी ब्रांड्स और कारीगरों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने की उनकी व्यापक सोच का हिस्सा माना जा रहा है।
रिलायंस रिटेल में अपनी भूमिका के माध्यम से ईशा अंबानी लगातार भारतीय डिजाइन, शिल्पकला और रचनात्मक प्रतिभा को वैश्विक स्तर पर प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य कर रही हैं।


