Thursday, July 9, 2026

जय जय नेमीनाथ के जयकारों से गूंजा इंदौर, नेमि-गिरनार धर्म यात्रा का हुआ भव्य अभिनंदन

इंदौर। शाबाश इंडिया

मां अहिल्या की नगरी इंदौर में गुरुवार को 22वें तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ के जयकारे गूंज उठे। 1008 फीट के राष्ट्र ध्वज एवं धर्म ध्वज के साथ बड़ी संख्या में सकल दिगम्बर जैन समाज के श्रद्धालुओं ने ऐतिहासिक राजवाड़ा से निकली नेमि-गिरनार धर्म यात्रा में सहभागिता कर गिरनार यात्रा के प्रति अपनी आस्था और समर्पण का परिचय दिया।

धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि गुरुवार सुबह 8.05 बजे राजवाड़ा पहुंची गिरनार धर्म यात्रा का समाजजनों ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। रथ पर सिद्ध क्षेत्र गिरनार पर्वत की चौथी टोंक पर विराजमान भगवान नेमिनाथ की प्रतिमा तथा अन्य वाहन में प्रतिष्ठित प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

नेमि-गिरनार धर्म यात्रा राजवाड़ा से प्रारंभ होकर मल्हारगंज, मोदीजी की नसिया, बड़ा गणपति होते हुए महावीर बाग पहुंची। यात्रा में आचार्य श्री विप्रणत सागर जी महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ, वहीं मुनिश्री सम्बुद्धसागर जी महाराज का भी मंगल आशीर्वाद मिला।

गिरनार जी की स्वतंत्रता के लिए सामाजिक जागृति जरूरी

महावीर बाग में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य श्री विप्रणतसागर जी महाराज ने कहा कि जब समाज जागृत होगा, तभी गिरनार सिद्ध क्षेत्र की स्वतंत्रता का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भारत की आजादी के लिए देशवासियों में जागृति और एकता का भाव आया, उसी प्रकार गिरनार क्षेत्र के लिए भी संगठित प्रयास और समर्पण आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि कमजोर रहकर किसी बड़े उद्देश्य को प्राप्त नहीं किया जा सकता। सामाजिक एकता, जागरूकता और तन-मन-धन के समर्पण से ही गिरनार क्षेत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई जा सकती है। उन्होंने विश्व जैन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय जैन की धर्म, समाज और संस्कृति के प्रति दृढ़ इच्छाशक्ति की अनुमोदना करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।

इस अवसर पर मुनिश्री सम्बुद्धिसागर जी महाराज ने कहा कि यदि इंदौर का प्रत्येक समाजजन तन-मन-धन से गिरनार जी यात्रा के लिए समर्पित हो जाए तो इंदौर से जाने वाले श्रद्धालु ऐतिहासिक उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने सभी समाजजनों को यात्रा को सफल बनाने का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम में दिगम्बर जैन सामाजिक संसद के अध्यक्ष आनंद गोधा, हंसमुख गांधी, मनीष नायक, राहुल जैन स्पोर्ट्स, टीके वेद, कैलाश वेद, निर्मल कासलीवाल सहित समाज के प्रमुख लोगों ने विश्व जैन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय जैन का दुपट्टा एवं माला पहनाकर स्वागत किया।

धर्मसभा में आनंद गोधा, हंसमुख गांधी, टीके वेद, सचिन जैन, राहुल जैन स्पोर्ट्स, जैनेश झांझरी एवं नकुल पाटोदी ने समाजजनों से 20 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में गिरनारजी पहुंचकर धर्म प्रभावना बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने यात्रा के लिए बस व्यवस्था एवं अन्य सहयोग में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ समाजश्रेष्ठी अमित कासलीवाल, मनोहर झांझरी, इंद्र सेठी, कैलाश लुहाड़िया, नवनीत जैन, पार्षद राजीव जैन, राजेश-नीता जैन, संजय जैन अहिंसा, पवन जैन, सुशील पांड्या, सुभाष पहाड़िया, वीरेंद्र बड़जात्या, प्रियांशु जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मातृशक्ति महिला परिषद की संभागीय अध्यक्ष मुक्ता जैन सहित युवक-युवतियां पंचरंगी धर्म ध्वजा लेकर यात्रा में शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन मयंक जैन ने किया तथा आभार मीडिया प्रभारी राजेश जैन दद्दू ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर विश्व जैन संगठन, राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar