जयपुर | शाबाश इंडिया।

फेडरेशन के निर्देशानुसार एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए दिगंबर जैन सोशल ग्रुप डायमंड, जयपुर की ओर से पर्यावरण संरक्षण को समर्पित भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रकृति को हरा-भरा बनाने और समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस सेवा प्रकल्प में ग्रुप के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ग्रुप अध्यक्ष राजेंद्र सेठी ने बताया कि चिंतामणि पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, पारस विहार, मुहाना मंडी, जयपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रुप पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मंदिर परिसर के शांत एवं पवित्र वातावरण में पौधारोपण किया। इस अवसर पर छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में सदस्यों ने स्वयं श्रमदान करते हुए पौधे लगाए और भविष्य में उनकी नियमित देखभाल एवं सिंचाई करने का सामूहिक संकल्प लिया। सेवा प्रकल्प के इस आह्वान पर बड़ी संख्या में कपल्स एवं सदस्यों ने भाग लिया। प्रकृति संरक्षण के प्रति सदस्यों का उत्साह देखते ही बनता था।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रुप के पदाधिकारियों एवं संयोजकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष यश कमल एवं श्रीमती संगीता अजमेरा, अध्यक्ष राजेंद्र सेठी एवं श्रीमती हर्षा सेठी, सचिव अतुल छाबड़ा एवं श्रीमती सुधा छाबड़ा का सहयोग रहा। वहीं मंदिर समिति के अध्यक्ष पवन गोदिका का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के सफल आयोजन का श्रेय संयोजक अरविंद काला एवं श्रीमती संगीता काला को दिया गया, जिनकी देखरेख में पौधारोपण कार्यक्रम सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष राजेंद्र सेठी ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पेड़-पौधे ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। फेडरेशन के निर्देशानुसार आयोजित यह सेवा कार्य सफल रहा और डायमंड ग्रुप भविष्य में भी सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।
यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने वाली एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।


