जयपुर। शाबाश इंडिया।

रोटरी क्लब जयपुर स्पार्कल के नए सत्र 2026-27 का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को गरिमामय एवं भव्य वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में नई कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर समाज सेवा के प्रति समर्पण का संकल्प लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अरुण कुमार बगड़िया ने सत्र 2026-27 के लिए डॉ. राजीव जैन को अध्यक्ष, डॉ. अनुराग तोमर को सचिव तथा अमित मक्कड़ को कोषाध्यक्ष पद की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर रोटेरियन अरुण कुमार बगड़िया ने कहा कि रोटरी का उद्देश्य केवल सेवा कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में स्थायी एवं सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने नई कार्यकारिणी से सेवा, नेतृत्व और नवाचार के साथ क्लब को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
समारोह में पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन बलवंत सिंह चिराना, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट डॉ. के.सी. शर्मा, असिस्टेंट गवर्नर पूनम बगड़िया, डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी संजय कौशिक तथा क्लब मेंटर रोटेरियन कुलदीप सिंह ढिल्लन सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। विभिन्न रोटरी क्लबों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की मौजूदगी ने समारोह की गरिमा बढ़ाई।
नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. राजीव जैन ने अपने संबोधन में कहा कि क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, कौशल विकास एवं मानवीय सेवा के क्षेत्र में विभिन्न प्रकल्पों के माध्यम से समाज में सार्थक और स्थायी बदलाव लाने के लिए कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि क्लब का प्रत्येक सदस्य सेवा भावना के साथ समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
समारोह का प्रभावी संचालन एंकर अंकित खंडेलवाल एवं निकिता कोका ने किया। इस दौरान जावेद एवं मधु की मधुर संगीत प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को संगीतमय बना दिया और उपस्थित अतिथियों का मनोरंजन किया।
अंत में क्लब मेंटर रोटेरियन कुलदीप सिंह ढिल्लन एवं सचिव डॉ. अनुराग तोमर ने सभी अतिथियों, रोटेरियनों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।


