सुरसंड (सीतामढ़ी)/जयपुर | शाबाश इंडिया

नेपाल सीमा के समीप स्थित जैन धर्म के पावन तीर्थ मिथिलापुरी (सुरसंड) में युवा वर्ग के आध्यात्मिक, नैतिक एवं चारित्रिक निर्माण को समर्पित ‘आचार्य विद्यानन्द सभागार’ का निर्माण कार्य तीव्र गति से जारी है। भगवान मल्लिनाथ एवं नमिनाथ के आठ कल्याणकों से पावन इस तीर्थ में यह सभागार आचार्य श्री 108 वसुनंदी महामुनिराज की प्रेरणा एवं मंगल आशीर्वाद से अखिल भारतवर्षीय धर्म जागृति संस्थान के सहयोग तथा श्री मिथिलापुरी जी दिगम्बर जैन तीर्थ क्षेत्र के तत्वावधान में निर्मित किया जा रहा है।
परियोजना के संरक्षक पराग जैन (पटना), ई. भूपेंद्र जैन (दिल्ली), योगेश जैन (मेरठ) एवं पदम जैन बिलाला (जयपुर) ने बताया कि यह सभागार केवल एक भवन नहीं होगा, बल्कि धर्म, संस्कृति, संस्कार, शिक्षा, प्रवचन, स्वाध्याय, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जागरण का सशक्त केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से इसे युवा पीढ़ी के आध्यात्मिक एवं चारित्रिक निर्माण के उद्देश्य से विकसित किया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी भारतीय संस्कृति और जैन दर्शन के मूल्यों से जुड़ सके।
तीर्थ क्षेत्र के प्रबंधक मनमोहन जैन एवं पंकज जैन ने बताया कि सभागार का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है और इसे शीघ्र पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि समाज जागरण की इस महत्वाकांक्षी योजना को देशभर से समाज के विभिन्न वर्गों का उत्साहजनक सहयोग मिल रहा है।
उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस पुण्य एवं जनहितकारी परियोजना में सहयोग का आह्वान किया। तीर्थ क्षेत्र के दर्शन, निर्माण कार्य की जानकारी अथवा सहयोग के इच्छुक श्रद्धालु पराग जैन से मोबाइल नंबर 93040 90742 पर संपर्क कर सकते हैं।


