द सूफी प्रोजेक्ट के तहत आयोजित संगीतमय संध्या में सूफी संगीत की रूहानी प्रस्तुतियों ने मोहा मन

जयपुर। शाबाश इंडिया।
जय क्लब, जयपुर में द सूफी प्रोजेक्ट के अंतर्गत आयोजित भव्य संगीतमय संध्या में सूफी संगीत की रूहानी और मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रसिद्ध सूफी गायक उस्ताद जावेद हुसैन ने अपनी आत्मीय और दिल को छू लेने वाली गायकी से किया। उनके साथ सुप्रसिद्ध गायिका मधु भाट ने अपनी मधुर एवं सुरमयी आवाज़ से श्रोताओं का मन मोह लिया। वहीं मोअज़्ज़म हुसैन और मोहम्मद ने भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में समां बाँध दिया।
संगीतकारों की बेहतरीन जुगलबंदी ने संपूर्ण प्रस्तुति को और अधिक प्रभावशाली और यादगार बना दिया। मेहराज हुसैन (तबला), रेबर हुसैन (कीबोर्ड), फरीद (ऑक्टोपैड), सुनील (गिटार), आतिफ़ (ढोलक) तथा गुलज़ार हुसैन (वायलिन) ने अपनी उत्कृष्ट संगत से दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की। विशेष रूप से गुलज़ार हुसैन की वायलिन प्रस्तुति ने वातावरण को अत्यंत भावपूर्ण बना दिया, जिसे श्रोताओं ने भरपूर सराहा।
कार्यक्रम में डॉ. हरीओम व्यास (प्रेसिडेंट, जय क्लब), संजय भंसाली (मानद सचिव), राजीव नागौरी (उपाध्यक्ष), विकास जैन (सेक्रेटरी एडमिन), अशोक जैन (कोषाध्यक्ष), डॉ. मनीषा जैन (सेक्रेटरी – स्पोर्ट्स) तथा कुनाल जैन सहित क्लब के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से सराहना की और इसे एक अविस्मरणीय संगीतमय शाम बताया।
कार्यक्रम के समापन पर जय क्लब परिवार की ओर से उस्ताद जावेद हुसैन, मधु भाट, मोअज़्ज़म हुसैन, मोहम्मद एवं पूरी संगीत टीम का सम्मान किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।


