
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
स्वागत द्वार प्रतियोगिता में अप्सरा और विनायक टेन्ट हाउस ने मारी बाजी, महापौर ने विजेताओं को किया सम्मानित
उत्सवों को भव्यता और समारोहों को आकर्षक स्वरूप देने वाले टेन्ट व्यवसायी जब एक मंच पर जुटे तो माहौल आत्मीयता, उल्लास और संगठनात्मक एकजुटता से सराबोर हो उठा। अवसर था उदयपुर जिला टेन्ट व्यवसायी समिति (रजि.) की ओर से ओपेरा गार्डन में आयोजित दीपावली स्नेह मिलन एवं स्वागत द्वार प्रतियोगिता-2025 के पुरस्कार वितरण समारोह का। इसमें जिलेभर के टेन्ट व्यवसायियों ने परिवार सहित भाग लेकर आपसी सौहार्द और व्यावसायिक एकता का संदेश दिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण स्वागत द्वार प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान रहा। आकर्षक सजावट, कलात्मक कल्पनाशीलता और सृजनात्मक कौशल के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले व्यवसायियों को स्मृति चिह्न एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
अप्सरा और विनायक टेन्ट हाउस रहे अव्वल
प्रतियोगिता की प्रथम श्रेणी में अप्सरा टेन्ट हाउस ने प्रथम, राजकमल टेन्ट हाउस ने द्वितीय और डेकोर प्लानर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, द्वितीय श्रेणी में विनायक टेन्ट हाउस प्रथम, राजलक्ष्मी टेन्ट हाउस द्वितीय और शर्मा टेन्ट हाउस तृतीय स्थान पर रहे। अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
शहर के सौंदर्यीकरण में भी भागीदारी निभाएं व्यवसायी : सिंघवी
मुख्य अतिथि महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि विवाह समारोहों से लेकर सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों तक टेन्ट व्यवसायियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उनकी मेहनत और कलात्मकता आयोजनों को विशिष्ट पहचान देती है। उन्होंने समिति से शहर का एक मार्ग गोद लेकर उसकी स्वच्छता, रखरखाव और सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने कहा कि संगठित व्यवसायी समाज अपनी समस्याओं का समाधान बेहतर तरीके से कर सकता है। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ ने टेन्ट व्यवसाय को स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन का महत्वपूर्ण आधार बताया।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने सुव्यवस्थित आयोजनों में व्यवसायियों की भूमिका की सराहना की, वहीं सहकारिता प्रकोष्ठ राजस्थान के अध्यक्ष प्रमोद सामर ने सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
संगठन की मजबूती और सामाजिक सरोकारों का संकल्प
समिति अध्यक्ष सुधीर चावत ने स्वागत उद्बोधन में संगठन की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। आयोजन में संरक्षक अनिल वैद, महामंत्री कमलेश पोखरना एवं सुनील हिंगड़, कोषाध्यक्ष महेंद्र जैन, भूपेंद्र जैन, असलम भाई, कमल शर्मा, महेश प्रजापत और रमेश माली का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम का संचालन सुनीता वैद ने किया। अनीता चावत ने व्यवस्थाओं में सहयोग दिया, जबकि संयोजक अनिल वैद ने आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन दीपावली की शुभकामनाओं, आत्मीय मेल-मिलाप और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
रिपोर्ट : राकेश शर्मा ‘राजदीप’


