Thursday, October 29, 2026

शरद पूर्णिमा पर सदाबहार चंद्रगीतों से सजी ‘चंद्रहार-2026’ की संगीतमय शाम, 11 चंद्रिकाओं का हुआ अभिनंदन

जयपुर | शाबाश इंडिया।

शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर केशव नवनीत की ओर से सोमवार को राजस्थान चैंबर भवन के ओपन लॉन में 15वें वार्षिक ‘चंद्रहार-2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सदाबहार हिंदी फिल्मी चंद्रगीतों से सजी इस संगीतमय शाम में गायकों की शानदार प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह में 11 चंद्रिकाओं का अभिनंदन करने के साथ गायक कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जयपुर की सांसद मंजू शर्मा, श्री ओ.पी. अग्रवाल, आईएएस श्री समित शर्मा एवं श्री के.एल. जैन सहित प्रमुख अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

सदाबहार गीतों ने बांधा समां

संगीत संध्या में प्रख्यात गायक डॉ. गौरव जैन ने ‘खोया-खोया चांद’ और ‘चांद सिफारिश’ जैसे गीतों की प्रस्तुति दी। शिखा माथुर ने ‘तू चंदा मैं चांदनी’, नीलम शर्मा ने ‘रुक जा रात’ और राकेश कुमार ने ‘चांद जैसे मुखड़े पे’ गीत सुनाकर खूब सराहना बटोरी। युगल गीतों में ‘धीरे-धीरे चल’ और ‘आजा सनम मधुर चांदनी में’ की प्रस्तुतियों ने भी श्रोताओं का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में ‘खोया-खोया चांद, खुला आसमान’, ‘चांदनी रातें, प्यार की बातें’, ‘नीले गगन के तले’ और ‘चांद छुपा बादल में’ जैसे लोकप्रिय फिल्मी गीतों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। जयपुर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने इस संगीतमय महफिल में शिरकत की।

11 चंद्रिकाओं का अभिनंदन, खीर की प्रसादी वितरित

आयोजक रामचरण बडाया ने बताया कि शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर उपस्थित लोगों को खीर की प्रसादी वितरित की गई। समारोह में समाज एवं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाली 11 चंद्रिकाओं का अभिनंदन किया गया।

सम्मानित चंद्रिकाओं में डॉ. पूनम, निहारिका शर्मा, सुनीता मेठी, डॉ. राखी खन्ना, शिवाली गुप्ता, सुप्रिया सिंह, नम्रता व्यास, स्वीटी दाधीच, श्रीमती माया मीणा, स्वातिका कपूर एवं अनीता खंडेलवाल शामिल रहीं।

सदाबहार गीतों, सम्मान और आत्मीयता से सजी ‘चंद्रहार-2026’ की यह शाम श्रोताओं के लिए यादगार बन गई।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar