
ब्यावर | शाबाश इंडिया।
शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर राष्ट्रसंत आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज, नवाचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज एवं गणिनी आर्यिका 105 श्री ज्ञानमती माताजी का अवतरण दिवस श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री विद्यासागर युवा संगठन के तत्वावधान में पंचायत नासियां, ब्यावर में ‘एक शाम गुरुवर के नाम’ भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन सम्राट अरिहंत काकरिया की सुमधुर प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और पूरा परिसर गुरुभक्ति के जयकारों से गूंज उठा।
चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के चित्र के अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समाज के पदाधिकारियों तथा विभिन्न मंडलों के अध्यक्षों एवं मंत्रियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा ब्यावर जिलाध्यक्ष श्री आशीष सांड रहे। श्री विद्यासागर युवा संगठन के अध्यक्ष कमल जैन, मंत्री कल्पेश जैन सहित अमित गोधा, अक्षत कटारिया, यश जैन, सुदेश पाटनी, चंचल जैन एवं संगठन के अन्य सदस्यों ने तिलक लगाकर और साफा पहनाकर मुख्य अतिथि का स्वागत एवं सम्मान किया।
अरिहंत काकरिया के भजनों ने बांधा समां
भजन संध्या में भजन सम्राट अरिहंत काकरिया ने अपनी मधुर एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। उन्होंने ‘जय जय गुरुदेव’, ‘प्रभु के चरणों में सुख पाया’ सहित अनेक लोकप्रिय गुरुभक्ति एवं भक्ति रस से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति दी।
‘जय जय गुरुदेव’ के जयकारों से पंडाल गूंज उठा, वहीं ‘प्रभु के चरणों में सुख पाया’ जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराई। अन्य भक्तिमय प्रस्तुतियों पर भी श्रद्धालु झूमते नजर आए। गुरुवर की महिमा के गुणगान और भजनों के मधुर स्वरों से वातावरण भक्तिरस में डूब गया। देर रात तक श्रद्धालु गुरुभक्ति में लीन होकर भजन संध्या का आनंद लेते रहे।
भजन सम्राट अरिहंत काकरिया का किया सम्मान
इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज, ब्यावर एवं श्री विद्यासागर युवा संगठन के सदस्यों ने भजन सम्राट अरिहंत काकरिया का तिलक लगाकर, माला पहनाकर, साफा बांधकर तथा प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मान किया।
कार्यक्रम के प्रायोजक श्री विद्यासागर शांति-कमलम चैरिटेबल ट्रस्ट, वीर कुमार कमल कुमार सन्मति एवं कल्प रावका परिवार, ब्यावर का आयोजन में विशेष सहयोग रहा। संगठन के सदस्यों ने प्रायोजक परिवार के सदस्यों का सम्मान कर उनके सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
गुरुवर के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
भजन संध्या में भक्ति और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम देखने को मिला। गुरुवर के जयकारों और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। आयोजन का उद्देश्य गुरुवर के त्याग, तपस्या, अहिंसा एवं करुणा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में धार्मिक संस्कारों और एकता की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम में सकल दिगंबर जैन समाज, ब्यावर के विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी, श्री विद्यासागर युवा संगठन के सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। सभी ने गुरुवर के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए मंगलमय जीवन एवं विश्व शांति की कामना की।
अमित गोधा


