Sunday, October 25, 2026

सुबोध पब्लिक स्कूल में ग्रैंडपेरेंट्स डे की धूम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बच्चों ने जीता दादा-दादी और नाना-नानी का दिल

जयपुर | शाबाश इंडिया।

सुबोध पब्लिक स्कूल, नियर एयरपोर्ट, सांगानेर के फाउंडेशन विंग में ग्रैंडपेरेंट्स डे समारोह उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से दादा-दादी एवं नाना-नानी के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त की। समारोह ने पीढ़ियों के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रोटेरियन इंजीनियर प्रकाश चंद्र सांघी एवं रेखा सांघी उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से अतिथियों और आमंत्रित वरिष्ठजनों का तिलक लगाकर तथा ब्रोच एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

समारोह का शुभारंभ कक्षा प्रथम के विद्यार्थियों की श्लोक एवं भजन प्रस्तुति से हुआ। प्री-प्राइमरी के विद्यार्थियों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा द्वितीय के विद्यार्थियों ने अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी के लिए लिखे भावपूर्ण पत्रों का वाचन किया। कक्षा प्रथम के विद्यार्थियों ने कठपुतली नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद कक्षा द्वितीय के विद्यार्थियों ने गरबा एवं डांडिया नृत्य से समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिए।

मनोरंजक खेलों और प्रश्नोत्तरी ने बढ़ाया उत्साह

वरिष्ठजनों के लिए पुराने गीतों पर आधारित मनोरंजक गतिविधि और कौन बनेगा करोड़पति (KBC) की शैली में सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यालय परिसर में बनाए गए विशेष सेल्फी पॉइंट पर दादा-दादी एवं नाना-नानी ने अपने नाती-पोतों के साथ तस्वीरें खिंचवाकर यादगार पलों को संजोया।

मुख्य अतिथि प्रकाश चंद्र सांघी ने अपने संबोधन में बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में दादा-दादी एवं नाना-नानी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने वरिष्ठजनों के अनुभवों, मार्गदर्शन और आशीर्वाद का सम्मान करने का आह्वान किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या आशी श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित वरिष्ठजनों का स्वागत करते हुए कहा कि दादा-दादी और नाना-नानी परिवार की जड़ों के समान हैं। उनके अनुभवों, कहानियों और जीवन-मूल्यों से बच्चों को संस्कार तथा जीवन की महत्वपूर्ण सीख मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पारिवारिक परंपराओं और मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

समारोह का मंच संचालन विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ किया। फाउंडेशन विंग की प्रभारी प्रीता साबू ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए मुख्य अतिथि, वरिष्ठजनों, अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

समारोह ने विद्यार्थियों को अपने वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर दिया तथा पारिवारिक रिश्तों की अहमियत को खूबसूरती से उजागर किया।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar