Friday, October 23, 2026

अयोध्या में 25 से 27 अक्टूबर तक गणिनी प्रमुख श्री ज्ञानमती माताजी का 75वां संयम दिवस एवं 93वां जन्म जयंती महोत्सव, सर्वजातीय महासंघ का राष्ट्रीय सम्मेलन भी होगा

अयोध्या/जयपुर | शाबाश इंडिया।

जैन धर्म के शाश्वत तीर्थ अयोध्या में सर्वोच्च साध्वी गणिनी प्रमुख आर्यिका शिरोमणि श्री ज्ञानमती माताजी का 75वां संयम दिवस एवं 93वां जन्म जयंती महोत्सव शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर 25 से 27 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आयोजित होगा। इस दौरान तीस चौबीसी जिनमंदिर के शिखर कलशारोहण, सरस्वती ज्ञान आराधना महोत्सव, सर्वजातीय महासंघ का राष्ट्रीय सम्मेलन तथा ज्ञानमती पुरस्कार समर्पण समारोह भी होंगे। आयोजन परम पूज्य गणिनी प्रमुख श्री ज्ञानमती माताजी ससंघ के सान्निध्य, प्रज्ञाश्रमणी आर्यिका रत्न श्री चंदनामती माताजी के मार्गदर्शन तथा अयोध्या तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष एवं पीठाधीश स्वस्ति श्री रवींद्रकीर्ति स्वामी जी के निर्देशन में संपन्न होगा।

अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन, जयपुर ने बताया कि 25 अक्टूबर को अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन सर्वजातीय महासंघ का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। इसके तीन सत्र प्रातः 8:30 बजे, दोपहर 2 बजे और शाम 7:30 बजे होंगे। सम्मेलन का संयोजन हसमुख गांधी, इंदौर के नेतृत्व में किया जाएगा।

26 अक्टूबर को होंगे मुख्य धार्मिक आयोजन

सोमवार, 26 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा के अवसर पर प्रातः 6 बजे भगवान ऋषभदेव की बड़ी प्रतिमा का मस्तकाभिषेक होगा। इसके बाद संजय रेखा दीवान, सूरत द्वारा ध्वजारोहण, प्रातः 7:30 बजे पुरस्कार समर्पण सभा तथा 9 से 10 बजे तक कलशारोहण कार्यक्रम आयोजित होगा। दोपहर 1 बजे जन्म जयंती की मुख्य विनयांजलि सभा होगी। इस दौरान 108 इंद्र-इंद्राणियों द्वारा सरस्वती ज्ञान आराधना, शाम को सामूहिक महाआरती और रात 8:30 बजे प्रसिद्ध गीतकार रूपेश जैन का सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। 27 अक्टूबर को प्रातः 6 से 7 बजे तक अभिषेक तथा प्रातः 7:30 बजे रथयात्रा निकाली जाएगी।

दिगंबर जैन अयोध्या तीर्थ क्षेत्र कमेटी के महामंत्री अमरचंद सराफ, लखनऊ के अनुसार समारोह में स्वस्ति श्री अरिहंत भट्टारक पट्टाचार्य महास्वामी जी, श्री क्षेत्र समवशरण तीर्थ, भरूच की विशेष उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेश जैन, कुलाधिपति, मुरादाबाद करेंगे। मुख्य अतिथि जम्बू प्रसाद जैन, गाजियाबाद तथा सारस्वत अतिथि जे.सी. जैन, हरिद्वार होंगे। प्रमुख अतिथियों में गजराज जैन गंगवाल और स्वदेश भूषण जैन, दिल्ली शामिल रहेंगे।

ज्ञानमती पुरस्कारों का होगा समर्पण

अयोध्या क्षेत्र के मंत्री विजय कुमार जैन एवं डॉ. जीवन प्रकाश जैन, जम्बूद्वीप ने बताया कि समारोह में गणिनी ज्ञानमती पुरस्कार, जम्बूद्वीप पुरस्कार, छोटेलाल पुरस्कार और रत्नमती पुरस्कार समर्पित किए जाएंगे। मुख्य पाद-प्रक्षालन का सौभाग्य अशोक-शकुंतला देवी जैन, चांदवाड़-जयपुर परिवार को प्राप्त होगा। पिच्छिका भेंट अर्चना-जयचंद कासलीवाल परिवार, मुख्य शास्त्र भेंट जयकुमार-अशोक कुमार, टिकैतनगर तथा कमंडल भेंट कैलाशचंद जैन सराफ परिवार, लखनऊ द्वारा की जाएगी। सभी मांगलिक क्रियाएं प्रतिष्ठाचार्य विजय कुमार जैन, जम्बूद्वीप तथा प्रतिष्ठाचार्य अकलंक जैन, डालीगंज, लखनऊ संपन्न कराएंगे।

इस अवसर पर अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जीवन प्रकाश जैन, जम्बूद्वीप-हस्तिनापुर द्वारा निर्मित विवाह ऐप का भी उद्घाटन 26 अक्टूबर को किया जाएगा। यह ऐप विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में तैयार किया गया है।

समारोह में देश के विभिन्न प्रांतों से श्रेष्ठी, श्रावक-श्राविकाएं, विभिन्न संस्थाओं के राष्ट्रीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। भोजन पुण्यार्जक अमरचंद, हेमचंद एवं नेमीचंद जैन परिवार, टिकैतनगर-डालीगंज, लखनऊ होंगे। तीर्थ क्षेत्र की ओर से अतिथियों और श्रद्धालुओं के आवास एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है।

उदयभान जैन, जयपुर

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar