
सिकंदरा | शाबाश इंडिया।
भगवान महावीर के संदेश ‘जियो और जीने दो’, अहिंसा एवं शाकाहार के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से श्री दिगंबर जैन पदयात्रा संघ जयपुर के तत्वावधान में निकली 135 किलोमीटर की 40वीं श्री महावीरजी पदयात्रा का शनिवार, 17 अक्टूबर को सिकंदरा के दिगंबर जैन मंदिर में भव्य स्वागत किया गया। पदयात्रा 14 अक्टूबर को संघ संरक्षक सुभाष चंद जैन और संयोजक महेश चंद जैन के नेतृत्व में संघीजी की नसियां, खानिया से रवाना हुई थी।
पदयात्रियों ने मंदिर में संगीतमय सामूहिक पूजा-अर्चना, भक्ति गीतों पर नृत्य और श्रीजी का कलशाभिषेक किया। इस अवसर पर पदयात्रा संघ के पदाधिकारियों का साफा पहनाकर सम्मान किया गया। भोजन के बाद पदयात्री गीजगढ़ के लिए रवाना हुए और रात्रि विश्राम तालचिड़ा स्कूल में किया।
आगे के धार्मिक आयोजन
रविवार, 18 अक्टूबर को पदयात्रा गुढ़ाचंद्रजी के दिगंबर जैन मंदिर पहुंचेगी, जहां पूजा, भक्ति संगीत और कलशाभिषेक होंगे। शाम को नादौती के महावीर पब्लिक स्कूल में धार्मिक अंताक्षरी आयोजित होगी।
संयोजक महेश चंद जैन के अनुसार, सोमवार, 19 अक्टूबर को पदयात्री खेड़ला-खेड़ली होते हुए श्री महावीरजी पहुंचेंगे। वहां विशाल जुलूस के साथ भगवान महावीर के दर्शन किए जाएंगे। दोपहर 2 बजे पूर्व संयोजकों एवं पदयात्रियों का सम्मान समारोह और शाम को महाआरती के बाद विराट कवि सम्मेलन होगा।
मंगलवार, 20 अक्टूबर को सुबह 8 बजे श्री शांतिनाथ पूजा विधान होगा। दोपहर 2 बजे बसों से जयपुर के लिए प्रस्थान किया जाएगा। संघ ने पदयात्रियों के लिए श्री महावीरजी से जयपुर लौटने की निःशुल्क बस व्यवस्था भी की है।
धार्मिक यात्रा के साथ समाजसेवा
प्रचार प्रभारी विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि संघ वर्ष 1986 से धार्मिक पदयात्राओं के साथ समाजसेवा के कार्य भी कर रहा है। संघ ने सम्मेद शिखरजी, कुंडलपुर और श्रवणबेलगोला जैसे तीर्थों की लंबी पदयात्राएं आयोजित की हैं। कुंडलपुर में संघ की ओर से औषधालय भी बनवाया गया है, जहां आयुर्वेद एवं प्राणोपचार पद्धति से रोगियों का उपचार और चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते हैं।
— विनोद जैन ‘कोटखावदा’ कार्यकारिणी सदस्य, श्री दिगंबर जैन पदयात्रा संघ, जयपुर


