
जयपुर | शाबाश इंडिया।
महावीर नगर जैन मंदिर में दीक्षा लेने जा रही बहनों की बिंदोरी यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा विश्वास-24, विष्णुपुरी और सरागवी मोहल्ले से होती हुई मंदिर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह समाजबंधुओं ने दीक्षार्थी बहनों की गोद भराई कर उनका सम्मान किया और संयम मार्ग पर अग्रसर होने के लिए मंगल शुभकामनाएं दीं। मंदिर पहुंचने पर भी समाज की ओर से गोद भराई का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर समाज के लोगों ने दीक्षार्थी बहनों के त्याग, तपस्या और संयम मार्ग की अनुमोदना की। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा। समाजबंधुओं ने बहनों के आध्यात्मिक जीवन की मंगलकामना करते हुए उनके निर्णय के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
मंदिर कमेटी के मंत्री सुनील बज एवं प्रशांत जैन ने बताया कि दीक्षार्थी बहनें 22 अक्टूबर 2026 को सोनागिर में परम पूज्य श्रमणी गणिनी आर्यिका 105 विशाश्री माताजी के पावन सान्निध्य में संयम मार्ग की दीक्षा ग्रहण करेंगी। आर्यिका 105 विशाश्री माताजी ही उनकी दीक्षा गुरु हैं।
कार्यक्रम में मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री हरीश जी धाडुका एवं जस्टिस एन.के. जैन की गरिमामय उपस्थिति रही। समाज की ओर से दीक्षार्थी बहनों के त्याग और आध्यात्मिक संकल्प की अनुमोदना करते हुए उनके संयममय जीवन की मंगलकामना की गई।


