
जयपुर | शाबाश इंडिया।
दिगंबर जैन महासमिति राजस्थान अंचल की ओर से बुधवार, 30 सितंबर को क्षमावाणी पर्व समारोह एवं चिकित्सा परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महासमिति के राष्ट्रीय महामंत्री सुरेंद्र कुमार जैन पांड्या ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर क्षमा की भावना के साथ धार्मिक शिक्षण एवं संस्कार शिविरों में धर्म और संस्कार का ज्ञान प्रदान करने वाले शिक्षकों तथा शिविरों के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले संयोजकों के सम्मान को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
दशलक्षण धर्म के दौरान विभिन्न मंदिरों में आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा सुगंध दशमी की झांकियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडलों, युवा मंडलों और अन्य सहयोगी समूहों के सम्मान की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
इस दौरान महासमिति के राष्ट्रीय महामंत्री सुरेंद्र कुमार जैन पांड्या ने राजस्थान अंचल की ओर से रविवार, 11 अक्टूबर को महावीर साधना केंद्र, महावीर नगर में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्य समन्वयक शांति काला, संयोजक निर्मल संघी, णमोकार जैन, राकेश गोडिका, राजस्थान अंचल अध्यक्ष अनिल जैन, महामंत्री महावीर बाकलीवाल, कोषाध्यक्ष रमेश सोगानी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. विनोद शाह, महिला अंचल अध्यक्ष शकुंतला बिंदायक्या, महामंत्री सुनीता गंगवाल और शशि सेन जैन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके बाद फोर्टिस हॉस्पिटल के सहयोग से चिकित्सा परिचर्चा आयोजित की गई। इंटरनेशनल डे ऑफ ओल्डर पर्सन्स के अवसर पर फोर्टिस हॉस्पिटल की ओर से दिगंबर जैन महासमिति राजस्थान अंचल के सहयोग से ‘Parkinson’s & Movement Clinic’ का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में फोर्टिस हॉस्पिटल की कंसल्टेंट न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. ईशा गोयल ने पार्किंसंस रोग और उससे संबंधित समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित सदस्यों के प्रश्नों के उत्तर भी सरल और सहज भाषा में दिए।
महासमिति पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिष्ठित अस्पताल के सहयोग से विशेष क्लीनिक का शुभारंभ वरिष्ठ नागरिकों और समाज के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता तथा विशेषज्ञ चिकित्सा मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर दिगंबर जैन महासमिति राजस्थान अंचल की ओर से डॉ. ईशा गोयल के साथ डॉ. नीतू, डॉ. हेमंत भारतीय, डॉ. आनंद और मैनेजर मोनू का माला, दुपट्टा एवं साफा पहनाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में महासमिति के राष्ट्रीय, आंचलिक, संभागीय एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


