
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
खेलगांव के ट्रैक पर चार दिनों तक गूंजती साइकिलों की घंटियों, तेज पैडल स्ट्रोक्स और खिलाड़ियों के उत्साहपूर्ण जयघोष के बीच 70वीं जिला स्तरीय छात्र-छात्रा साइकिलिंग प्रतियोगिता का समापन हुआ। हैप्पी होम के तत्वावधान में 20 सितंबर से आयोजित इस प्रतियोगिता में 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के करीब 200 उदीयमान खिलाड़ियों ने ट्रैक एवं रोड साइकिलिंग स्पर्धाओं में अपनी गति, संतुलन और सहनशक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक दौर में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आसोलिया की मादड़ी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दरौली उपविजेता रहा। व्यक्तिगत एवं टीम स्पर्धाओं में पहले दो स्थानों पर रहने वाले साइकिलिस्ट अब राज्य स्तरीय मंच पर उदयपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। ट्रैक साइकिलिंग दल जयपुर और रोड साइकिलिंग दल श्रीगंगानगर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेगा।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि शक्ति सिंह रावल ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन और नियमित अभ्यास सफलता का आधार हैं। प्रधानाचार्य रख्यावल, अति विशिष्ट अतिथि जगदीश अरोड़ा एवं समारोह अध्यक्ष डॉ. सुषमा अरोड़ा ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
रोड साइकिलिंग संयोजक दुर्गेश सिंह सोलंकी ने आयोजन की सफलता में निर्णायकों, प्रशिक्षकों, विद्यालयों एवं सहयोगी टीम की भूमिका की सराहना की। प्रेरणा महावर ने मंच संचालन किया। ग्रुप प्रधानाचार्य डॉ. ज्योत्सना पांडे ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में खेल भावना के साथ आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता ने विद्यालयीन प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने का सशक्त अवसर दिया है और चयनित खिलाड़ी अब राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन करने उतरेंगे।
रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’


