
काठमांडू | शाबाश इंडिया।
परम पूज्य आचार्य श्री विभव सागरजी महाराज की प्रेरणा एवं आशीर्वाद से दसलक्षण महापर्व के दौरान नेपाल की पावन धरा पर स्थित श्री 1008 आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, काठमांडू में बा. ब्र. रुचि दीदी टीकमगढ़ के सानिध्य में संगीतमय भक्तामर दीप अर्चना का आयोजन बड़े ही भक्तिभाव और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
श्री 1008 आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर कमेटी एवं सामूहिक जिनेंद्र आराधना संस्था, नेपाल शाखा के अध्यक्ष सुभाष जैन सेठी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः भगवान श्री आदिनाथ एवं भगवान श्री पार्श्वनाथ के अभिषेक, शांतिधारा तथा नित्य नियम पूजा-पाठ के साथ हुई। इसके बाद दसलक्षण महामंडल विधान की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की गई।
सायंकाल महाआरती के बाद 48 दीपकों से भक्तामर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। ब्रह्मचारिणी रुचि दीदी ने उत्तम संयम धर्म पर विशेष प्रवचन दिए। इसके साथ ही भक्तिमय संगीत कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें जैन समाज के बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने भक्तामर पाठ के दौरान भक्ति में झूमते हुए आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।
ब्र. रुचि दीदी ने अपनी मधुर वाणी एवं भावपूर्ण शैली से सभी धार्मिक कार्यक्रमों को भक्तिभाव और उत्साह के साथ संपन्न कराया। संगीतकार सुरेंद्रजी, अंकितजी एवं अनिलजी ललितपुर ने अपनी शानदार स्वर लहरियों से भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।


