
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
युवाओं को राष्ट्रीय गतिविधियों, नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से साईं तिरुपति यूनिवर्सिटी के वेंकटेश्वर इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (VIFT), PIMS-ICS एवं VIMS में शुक्रवार को विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। सत्र में विद्यार्थियों को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण के साथ विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग (VBYLD) 2027 में सहभागिता की प्रक्रिया एवं उद्देश्यों की जानकारी दी गई।
विश्वविद्यालय के NSS संयोजक दीपक तेली ने विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध राष्ट्रीय अवसरों से परिचित कराते हुए माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि यह मंच युवाओं को विभिन्न सामाजिक, रचनात्मक एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में भागीदारी का अवसर प्रदान करता है। साथ ही VBYLD 2027 के माध्यम से विद्यार्थी अपने विचार, नेतृत्व क्षमता एवं नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत कर सकते हैं।
दीपक तेली ने कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में युवा वर्ग की भूमिका महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर सामाजिक सरोकारों, नवाचार एवं नेतृत्व से जुड़ी गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से माय भारत पोर्टल से जुड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर चेयरपर्सन आशीष अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें कक्षा के बाहर राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों एवं अवसरों से परिचित कराना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से संस्थान में समय-समय पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने पंजीकरण प्रक्रिया, पात्रता, विभिन्न गतिविधियों एवं VBYLD से जुड़े पहलुओं को लेकर सवाल पूछे, जिनका समाधान किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म का सार्थक उपयोग करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।


